आरा : दालान में सो रहे डेयरी संचालक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Arrah News : आरा जिले के तीयर थाना क्षेत्र के यादोपुर गांव में शुक्रवार रात दालान में सो रहे डेयरी संचालक राजाबाबू की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों ने लेनदेन विवाद में हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

Arrah News : आरा जिले के तीयर थाना क्षेत्र के यादोपुर गांव में शुक्रवार की रात दालान में सो रहे डेयरी संचालक की मौत हो गई. मृतक के मुंह से झाग निकला हुआ, दाहिने पैर पर जख्म, छाती पर काला धब्बा एवं दाहिने हाथ-पैर छिला हुआ होने का निशान पाया गया. परिजनों द्वारा मारपीट करने व जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने की आशंका जताई जा रही है. इस घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई.

सूचना पाकर जगदीशपुर एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा एवं तीयर थानाध्यक्ष तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी, वहीं एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए. जानकारी के अनुसार मृतक यादोपुर गांव निवासी हीरालाल सिंह उर्फ हरी नारायण सिंह का 25 वर्षीय पुत्र राजाबाबू उर्फ अलबेला है, जो पेशे से डेयरी संचालक था और गांव में ही अपना डेयरी फार्म चलाता था.

लेनदेन का विवाद

मृतक के बड़े भाई हरखेन कुमार उर्फ रौशन ने बताया कि शुक्रवार की रात नौ बजे सभी लोग खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे. राजाबाबू भी साढ़े नौ बजे खाना खाकर दालान में सोने चला गया था. इसी बीच शनिवार की सुबह जब उसके डेयरी में दूध देने वाला एक व्यक्ति दालान में पहुंचा और उसे उठाने लगा, तो वह नहीं उठा. तब उसने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी.

सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे और इसके बाद स्थानीय पुलिस भी वहां पहुंची. दूसरी तरफ मृतक के बड़े भाई ने बताया कि गांव के ही दो व्यक्तियों से दूध के बकाया पांच सौ रुपये के लेनदेन को लेकर कुछ विवाद हुआ था, जिसको लेकर रमेश यादव ने एक दिन पूर्व उसे कहा था कि तुम्हें मेरा बड़ा भाई मारने के लिए खोज रहा है.

उसने गांव के ही दो नामजद व अन्य अज्ञात लोगों पर मारपीट करने और जहरीला पदार्थ खिलाकर अपने भाई की हत्या करने की आशंका जताई है. बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की गहन छानबीन कर रही है.

परिवार में मचा कोहराम

बताया जाता है कि मृतक राजाबाबू अपने छह भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था. उसके परिवार में मां मानती देवी, पांच भाई हरेंद्र कुमार बादल, अरविंद कुमार बसेरा, अनिल कुमार अकेला, अखिलेश कुमार निराला, हरखेन कुमार उर्फ रौशन व तीन बहनें नीलम देवी, नीलू देवी एवं मीरा देवी हैं.

इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के घर में पूरी तरह से कोहराम मच गया है. उसकी मां मानती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बहुत बुरा हाल है.

Also Read : आरा : बिहिया में दीवार गिरने से दो मासूमों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >