चरपोखरी. प्रखंड क्षेत्र की सेमरांव पंचायत के बड़हरा गांव में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पिछले करीब पांच दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है. ग्रामीणों के अनुसार, विद्युत विभाग के अधिकारियों और पावर स्टेशन के संबंधित जेई को समस्या की जानकारी दी गयी थी, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा सका है. इससे नाराज सैकड़ों ग्रामीण सोमवार को अपनी समस्या रखने और ज्ञापन देने के लिए चरपोखरी थाने पहुंचे.
मंगलवार को सड़क जाम की चेतावनी
थाने पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन और सड़क जाम करने के लिए बाध्य होंगे. ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गांव में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पुलिसकर्मी पर अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप
बड़हरा निवासी रंजीत कुमार, अनु राज, मृत्युंजय वर्मा समेत दर्जनों ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि थाने में मौजूद ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी बिना वर्दी के तैनात थे, जिससे पहली नजर में उनकी पहचान कर पाना कठिन था. ग्रामीणों के अनुसार, वे समस्या को लेकर बातचीत करने और आवेदन देने लगे, इसी दौरान संबंधित कर्मी ने उनके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित कर्मी की ओर से सभी ग्रामीणों पर प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी भी दी गयी. उनका कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के सामने हुआ है, जिसकी जांच की जानी चाहिए.
पुलिस ने आरोपों से किया इनकार
इस संबंध में एसआई और ऑन-ड्यूटी कर्मी जितेंद्र कुमार ने ग्रामीणों के आरोपों से इनकार किया. उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या थी तो ग्रामीणों को विद्युत विभाग या संबंधित जेई के पास जाना चाहिए था. उनके अनुसार, ग्रामीण बिना वजह थाने में भीड़ लगाकर पहुंचे थे.
जितेंद्र कुमार ने कहा कि थाने में किसी के साथ अभद्रता नहीं की गयी और न ही किसी को केस में फंसाने की धमकी दी गयी.
