MM Mahila College Arrah : आरा स्थित एम.एम. महिला कॉलेज के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में पीजी सेमेस्टर-4 की छात्राओं के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं को मनोविज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं से अवगत कराया गया और कौशल विकास, अनुशासन तथा निरंतर अध्ययन पर विशेष जोर दिया गया.
Bhojpur News : दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नरेंद्र प्रताप पालित, बर्सर सह इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनोज कुमार, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सादिया हबीब सहित अन्य शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद छात्राओं ने गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया.
मनोविज्ञान में रोजगार के बढ़ रहे अवसर
मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो. नरेंद्र प्रताप पालित ने कहा कि वर्तमान समय में मनोविज्ञान रोजगार और सेवा दोनों ही दृष्टियों से तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र है. काउंसलिंग, क्लिनिकल साइकोलॉजी, शिक्षा, शोध, कॉर्पोरेट सेक्टर, अस्पतालों तथा सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में इस विषय के विद्यार्थियों के लिए बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध हैं. उन्होंने छात्राओं से निरंतर अध्ययन, कौशल विकास और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की.
शिक्षकों ने सफलता के दिए मंत्र
प्रो. राजीव कुमार ने ज्ञानार्जन को सफलता का आधार बताया. विभागाध्यक्ष डॉ. सादिया हबीब ने समय के सदुपयोग पर बल देते हुए कहा कि सही समय पर लिया गया निर्णय जीवन की दिशा बदल सकता है. डॉ. विजयश्री, डॉ. कायनात रिजवी और श्रीमती वीनू ने नियमित अध्ययन तथा अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला. वहीं डॉ. रश्मि गुप्ता ने प्रेरणादायक कविता "कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती" का पाठ कर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया. डॉ. अर्पणा और डॉ. कंचन कुमारी ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
मानसी पांडे बनीं मिस फेयरवेल-2026
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया. पीजी सेमेस्टर-4 की छात्रा मानसी पांडे को "मिस फेयरवेल-2026" का खिताब दिया गया. वहीं दृष्टि कुमारी, चिंकी कुमारी, मानसी पांडे, शिखा पांडे, प्रिया मौर्या और नीरू कुमारी को शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम और विभागीय गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए "बेस्ट परफॉर्मर अवार्ड" से सम्मानित किया गया.
बड़ी संख्या में छात्राएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम का संचालन खुशी कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन निशा कुमारी ने प्रस्तुत किया. समारोह में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति रही.
Also Read :
