भोजपुर : बहन के घर राखी बंधवाने जा रहा था 25 साल का भाई, बनाही स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर मौत

राखी के त्योहार पर आई एक दुखद खबर ने संतोष कुमार के परिवार को झकझोर दिया. 25 वर्षीय संतोष चचेरी बहन को राखी बांधने जा रहा था, तभी बनाही स्टेशन के पास ट्रेन से गिर गया. उसकी दर्दनाक मौत से घर में मातम पसर गया है.

Bhojpur Train Accident : दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर बनाही स्टेशन के पश्चिम साइड ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार मृतक करनामेपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव वार्ड नंबर-10 निवासी नंदजी यादव का 25 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार है.

चचेरी बहन के घर राखी बंधवाने जा रहा था संतोष

मृतक के चचेरे भाई रमेश कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर वह ट्रेन द्वारा बक्सर जिले के रघुनाथपुर गांव अपनी चचेरी बहन नेहा कुमारी के घर राखी बंधवाने के लिए जा रहा था. इसी बीच बनाही स्टेशन के समीप पश्चिम साइड ट्रेन से गिरकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई.

सूचना मिलते ही रेल थाना पहुंचे परिजन, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

घटना के बाद रेल पुलिस द्वारा इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई. सूचना पाकर परिजन रेल थाना पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की.

तीन भाइयों में सबसे बड़ा था मृतक संतोष

बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. उसके परिवार में मां रीना देवी व दो भाई मुकेश कुमार एवं नीतीश कुमार हैं.

घटना के बाद घर में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया. त्योहार के दिन हुई इस दुखद घटना से उसकी मां रीना देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >