Arrah News : भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया नगर धोबिया मोहल्ले में शनिवार की सुबह ईंट की दीवार गिरने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. इनमें से एक बच्चे ने इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया, वहीं इस हादसे में एक अधेड़ गंभीर रूप से जख़्मी हो गए.
जानकारी के अनुसार मृत बच्चों में बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया नगर धोबिया मोहल्ला वार्ड नंबर-6 निवासी साजन कुमार रजक का 3 वर्षीय पुत्र शिवांश रजक उर्फ कल्लू एवं उसी मोहल्ले के निवासी राहुल रजक का 3 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार शामिल है. वहीं मृतक अंकित कुमार के 46 वर्षीय दादा छोटक रजक इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गये, जिनका इलाज परिजन अपने स्तर से करा रहे हैं.
सड़क जाम और आगजनी
इधर, मृत बच्चे शिवांश राज उर्फ कल्लू के बड़े पापा राजू रजक ने बताया कि दस इंच की दीवार बिना पिलर के उठाई गई थी. शनिवार की सुबह दोनों बच्चे व उनके दादा छोटक रजक वहीं पर बैठे हुए थे और दोनों बच्चे खेल रहे थे. तभी ईंट की दीवार अचानक भरभरा कर तीनों पर गिर पड़ी. इसमें शिवांश राज उर्फ कल्लू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित कुमार ने अस्पताल लाने के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा.
आक्रोशित ग्रामीणों ने बिहिया डाक बंगला चौक के समीप मुआवजे की मांग को लेकर रोड जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी भी की. करीब एक घंटे तक जाम रहने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई एवं आवागमन ठप्प हो गया. सूचना पाकर बिहिया थानाध्यक्ष सुदेश्वर कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. इसके पश्चात पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.
परिवारों में मचा कोहराम
बताया जाता है कि मृत बच्चा शिवांश राज उर्फ कल्लू अपने दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था, उसके परिवार में मां ममता देवी, बहन नंदिनी, बरखा एवं एक भाई है. जबकि दूसरा मृत बच्चा अंकित कुमार अपने भाई-बहनों में छोटा था और वह अपने मां-बाप का इकलौता चिराग था, उसके परिवार में मां पुतुल कुमारी एवं एक बहन है.
इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों मृत बच्चों के घरों में पूरी तरह से हाहाकार मच गया है और उनके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : गया जी : बिजली चोरी करते पकड़े गए दो उपभोक्ता, हजारों रुपये का जुर्माना और FIR दर्ज
