Bhojpur Youth Death News : भोजपुर जिले के बिहिया नगर के वार्ड नंबर 4 स्थित शांति कॉलोनी में शुक्रवार की रात एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद किया गया. मृतक की पहचान कृष्णा सिन्हा, पिता स्व. जितेन्द्र सिन्हा, निवासी राजा बाजार मेन रोड, बिहिया के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात घर से कोई आहट नहीं आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ. खोजबीन करने पर कमरे के दरवाजे की चौखट के ऊपर बने रोशनदान में युवक का सिर फंसा हुआ और शव लटका हुआ मिला. पास में ही एक कुर्सी गिरी हुई पड़ी थी. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस और एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की जांच
सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. बाद में एफएसएल की टीम ने भी पहुंचकर मौके से साक्ष्य जुटाए.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया. बताया जाता है कि मृतक विभिन्न कंपनियों के कुरकुरे, बिस्किट व चॉकलेट आदि का सेल्समैन था और अपने घर से अलग शांति कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था.
मानसिक तनाव की बात और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों के अनुसार पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी अलग रह रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव में था. मृतक दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था. घटना के बाद मां कमलावती देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : खाना नहीं मिलने पर 75 वर्षीय पति ने पत्नी की चाकू से हत्या की, थाने पहुंचकर बोला-मुझे फांसी दीजिए
थानाध्यक्ष का बयान और पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका को लेकर सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है.
