Bihiya ROB Closure : भोजपुर जिले के बिहिया प्रखंड मुख्यालय स्थित बिहिया बाजार में आरओबी (रेल ओवरब्रिज) बंद होने के कारण पिछले करीब एक वर्ष से भारी वाहनों का परिचालन ग्रामीण सड़कों से कराया जा रहा है. भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण क्षेत्र की कई ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं.
वहीं, इन मार्गों पर बड़े वाहनों की आवाजाही से कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. समस्या को गंभीरता से लेते हुए शाहपुर विधायक राकेश रंजन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर वैकल्पिक मार्ग सहित क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण की मांग की है.
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि बिहिया बाजार में आरओबी बंद होने के कारण भारी वाहनों का परिचालन पिछले एक वर्ष से ग्रामीण सड़कों के माध्यम से हो रहा है. इससे ग्रामीण सड़कों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ गया है और बड़ी संख्या में सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं.
Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी
ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है. विधायक ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र की समस्या को ध्यान में रखते हुए तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की मांग की है.
एनएच-84 से बिहिया-जगदीशपुर पथ तक बाइपास की मांग
विधायक ने मांग की है कि एनएच-84 के कटेया-नौसेराटांड़-बियाड़ा फैक्ट्री मार्ग से बिहिया-जगदीशपुर पथ तक भारी वाहनों के परिचालन के लिए बाइपास मार्ग का निर्माण कराया जाए. इससे भारी वाहनों को ग्रामीण बस्तियों और संकरी ग्रामीण सड़कों से गुजरने से रोका जा सकेगा.
कटेया रेलवे फाटक से बिहिया आरओबी तक सड़क निर्माण
पत्र में विधायक ने कटेया रेलवे फाटक से बिहिया रेलवे ओवरब्रिज तक सड़क निर्माण कराने की भी मांग की है. उनका कहना है कि इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में मदद मिलेगी और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध हो सकेगा.
क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण और संभावित असर
विधायक राकेश रंजन ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भारी वाहनों के परिचालन के कारण क्षतिग्रस्त हुई सभी ग्रामीण सड़कों का नवनिर्माण कराने की मांग भी मुख्यमंत्री से की है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण सड़कों पर भारी वाहनों के दबाव के कारण सड़कें खराब हो रही हैं. ऐसे में इन सड़कों का पुनर्निर्माण जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
विधायक ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उक्त सड़कों के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. विधायक का यह पत्र 10 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री को भेजा गया है.
इन वैकल्पिक मार्गों का निर्माण होने पर बिहिया आरओबी बंद रहने की स्थिति में भारी वाहनों को ग्रामीण सड़कों से होकर गुजरने की मजबूरी कम होगी. इससे ग्रामीण सड़कों पर वाहनों का दबाव घटने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होने की उम्मीद है.
