छठ-दशहरा में बेंगलुरु से घर लौटना होगा आसान? बिहार के यात्रियों के लिए हमसफर एक्सप्रेस में बढ़ेगी AC बर्थ

पटना और बेंगलुरु के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. हमसफर एक्सप्रेस में अतिरिक्त एसी कोच जोड़े गए हैं, जिससे कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. यह सुविधा आरा और भोजपुर के छात्रों व युवाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है.

Bihar Train News : पटना और बेंगलुरु के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है. पटना-बेंगलुरु हमसफर एक्सप्रेस में अतिरिक्त एसी कोच की सुविधा मिलने से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. इस निर्णय का सीधा लाभ आरा जंक्शन से ट्रेन पकड़ने और उतरने वाले यात्रियों को भी मिलेगा.

आरा और भोजपुर के छात्रों व युवाओं के लिए है बेहद महत्वपूर्ण

आरा मुख्यालय समेत पूरे भोजपुर जिले के लिए यह खबर इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बड़ी संख्या में यहां के छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए बेंगलुरु का रुख करते हैं.

बेंगलुरु देश का प्रमुख शिक्षा एवं आईटी हब होने के कारण भोजपुर के कई परिवारों के बच्चे वहां इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, कंप्यूटर सहित विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे हैं. वहीं जिले के बड़ी संख्या में युवा बेंगलुरु की आईटी और अन्य निजी कंपनियों में नौकरी भी करते हैं.

छुट्टियों और त्योहारों के दौरान बढ़ती है कंफर्म टिकट की मांग

ऐसे में पटना-बेंगलुरु के बीच नियमित आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए हमसफर एक्सप्रेस काफी महत्वपूर्ण ट्रेन है. विशेषकर छुट्टियों, त्योहारों और शैक्षणिक सत्र के दौरान इस ट्रेन में कंफर्म टिकट की मांग काफी बढ़ जाती है. अतिरिक्त एसी कोच के जुड़ने से यात्रियों को वेटिंग टिकट से राहत मिलने और कंफर्म सीट की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है.

जिले के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों और अभिभावकों को मिलेगा सीधा लाभ

बेंगलुरु में पढ़ाई और नौकरी करने वाले युवाओं के कारण भोजपुर से इस शहर के बीच लगातार यात्रियों का आवागमन बना रहता है. आरा, जगदीशपुर, पीरो, बिहिया, कोईलवर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पटना अथवा आरा के रास्ते बेंगलुरु की यात्रा करते हैं.

अतिरिक्त कोच की सुविधा से न केवल छात्रों और नौकरीपेशा युवाओं को फायदा होगा, बल्कि उनके अभिभावकों और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी यात्रा आसान होने की उम्मीद है. खासकर गर्मी की छुट्टी, दशहरा, दीपावली, छठ और अन्य प्रमुख अवसरों पर घर आने-जाने वाले यात्रियों को इसका विशेष लाभ मिल सकता है.

वेटिंग की समस्या से मिलेगी राहत, बेहतर कनेक्टिविटी की उठी मांग

पटना-बेंगलुरु रेल मार्ग पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण एसी श्रेणी में कंफर्म टिकट हासिल करना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता है. यात्रियों को महीनों पहले टिकट बुक कराने के बावजूद वेटिंग लिस्ट का सामना करना पड़ता है.

Also Read : सितंबर में 18 ट्रेनें रहेंगी रद्द, गया-पटना समेत कई रूट की ट्रेनों का बदलेगा रूट; देखें पूरी लिस्ट

ऐसे में अतिरिक्त एसी कोच लगाए जाने से ट्रेन की यात्री क्षमता बढ़ेगी और कंफर्म टिकट की संभावना भी बढ़ सकती है. रेलवे के इस फैसले को भोजपुर के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि आरा जंक्शन से बेंगलुरु की बेहतर रेल कनेक्टिविटी छात्रों, नौकरीपेशा युवाओं और व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी. साथ ही, भविष्य में इस रेल मार्ग पर और अधिक सुविधाएं और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की भी जरूरत है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष पांडेय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >