पीएम आवास योजना पर बड़ा अपडेट: भोजपुर के उदवंतनगर में 1050 लाभुकों के नाम मंजूर, 350 नाम सूची से बाहर

PM Awas Yojna Updates: प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत उदवंतनगर प्रखंड में आयोजित आमसभा में 1050 योग्य लाभुकों के नामों को अंतिम मंजूरी मिल गई है. 350 अपात्र पाए जाने पर सूची से हटा दिए गए हैं. अब पात्र परिवारों को पक्के मकान के लिए सरकारी सहायता राशि की पहली किस्त जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी.

PM Awas Yojna Updates: प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस सर्वे-2024 में जोड़े गए नए लाभुकों के भौतिक सत्यापन और अनुमोदन को लेकर उदवंतनगर प्रखंड की पहली आमसभा रविवार को आयोजित की गई. एकौना पंचायत के चौराई गांव स्थित विवाह मंडप भवन में आयोजित इस ग्रामसभा की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया सुषमा देवी ने की. बैठक में गहन विचार-विमर्श और पात्रता की जांच के बाद कुल 1050 योग्य लाभुकों के नामों का सत्यापन कर उनके चयन पर आमसभा की अंतिम मुहर लगाई गई.

सर्वे में जुड़े थे 1400 नाम, 350 अपात्र बाहर

मुखिया सुषमा देवी ने बताया कि आवास प्लस सर्वे-2024 के तहत पंचायत क्षेत्र से करीब 1400 जरूरतमंदों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी. विभाग के कड़े मानकों और विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर की गई विस्तृत जांच में करीब 350 लोगों के नाम अपात्र पाए जाने पर सूची से निरस्त कर दिए गए. उन्होंने स्पष्ट किया कि इनमें प्रमुख रूप से वैसे आवेदक शामिल थे, जिनकी तय दिशा-निर्देशों के अनुसार दो बार की जगह केवल एक ही बार फोटोग्राफी पूरी हो पाई थी.

पात्र परिवारों को पक्के मकान का मिलेगा लाभ

ग्रामसभा द्वारा सर्वसम्मति से सूची अनुमोदित किए जाने के बाद अब इन 1050 पात्र परिवारों को आवास निर्माण के लिए सरकारी सहायता राशि की पहली किस्त जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी. ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए संतोष व्यक्त किया. सभा में उपस्थित पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर बिचौलियों या अनधिकृत व्यक्तियों के बहकावे में न आएं, सरकार सीधे लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित करेगी.

अन्य 15 पंचायतों में 21 और 23 सितंबर को आमसभा

प्रखंड प्रशासन के अनुसार आवास प्लस सर्वे की सूचियों के अनुमोदन का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा. प्रखंड की शेष 15 पंचायतों में 21 और 23 सितंबर को निर्धारित तिथियों पर विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाएगा, जहां स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में नए लाभुकों का सत्यापन किया जाएगा. चौराई विवाह मंडप में आयोजित आमसभा में आवास सहायक, पंचायत सचिव, स्वच्छता पर्यवेक्षक, मुखिया प्रतिनिधि बबन पंडित समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे.

Also Read: बड़हरा में बाढ़ पीड़ितों से वीडियो कॉल पर जुड़े पवन सिंह, बोले- हमारी जनता हमारे लिए भगवान है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार ओझा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >