Bhojpur Rooftop Solar : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भोजपुर जिले में अब तक 506 घरेलू उपभोक्ताओं ने अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाया है. सोलर प्लांट लगने के बाद इन परिवारों के बिजली खर्च में कमी आयी है और कई उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल लगभग शून्य तक पहुंचने की जानकारी दी गयी है.
421 उपभोक्ताओं के खाते में पहुंची सब्सिडी
योजना के तहत अब तक 421 उपभोक्ताओं के बैंक खातों में सोलर सब्सिडी की राशि पहुंच चुकी है. इससे घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने की लागत कम करने में मदद मिल रही है.
482 उपभोक्ताओं को मिला आसान ऋण
रूफटॉप सोलर लगाने के लिए भोजपुर में 482 उपभोक्ताओं को आसान ऋण की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. विद्युत विभाग के अनुसार, बैंकों के माध्यम से करीब 6 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर ऋण की सुविधा दी जा रही है.
98 हजार रुपये तक मिल सकती है सब्सिडी
विद्युत कार्यपालक अभियंता आरा ई निखिल कुमार के अनुसार, योजना में 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर 40 हजार रुपये और 2 किलोवाट पर 80 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है. 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के प्लांट पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है.
31 मार्च 2027 तक योजना का लाभ लेने का मौका
पात्र घरेलू उपभोक्ता 31 मार्च 2027 तक प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ ले सकते हैं. विभाग ने जिले के लोगों से निर्धारित अवधि के भीतर योजना का लाभ उठाने की अपील की है.
5 से 7 साल में चुकाया जा सकता है सोलर ऋण
रूफटॉप सोलर लगाने के लिए उपलब्ध ऋण को आसान अवधि में चुकाने की सुविधा भी दी जा रही है. विभाग के अनुसार, ऋण भुगतान के लिए 5 से 7 वर्षों की अवधि निर्धारित की जा सकती है.
इन्वर्टर पर 7 साल और सोलर प्लेट पर 20 साल की सुविधा
एकरारनामा की शर्तों के अनुसार, उपभोक्ताओं को इन्वर्टर के लिए 7 वर्षों तक तथा सोलर प्लेट्स के लिए 20 वर्षों तक निःशुल्क मरम्मत और रख-रखाव की सुविधा मिलेगी. उचित रख-रखाव के साथ सोलर पैनल करीब 25 वर्षों तक उपयोगी रह सकता है.
घर की बिजली जरूरत पूरी करने के बाद ग्रिड में जाएगी अतिरिक्त बिजली
रूफटॉप सोलर से पैदा होने वाली बिजली का इस्तेमाल पहले घर की जरूरत पूरी करने में किया जाता है. इसके बाद बची हुई बिजली ग्रिड में भेजी जाती है और नियमानुसार उसका समायोजन बिजली बिल में किया जाता है. इससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली खर्च में बचत का लाभ मिल सकता है.
बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा
सौर ऊर्जा से घरेलू बिजली की जरूरत पूरी करने से पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने में मदद मिलती है. इसके साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है और उपभोक्ता अपने घर की छत का इस्तेमाल बिजली उत्पादन के लिए कर सकते हैं.
विभाग ने घरेलू उपभोक्ताओं से की अपील
विद्युत विभाग ने भोजपुर जिले के घरेलू उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 31 मार्च 2027 से पहले प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएं. विभाग का जोर अधिक से अधिक घरों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने पर है.
Also Read : आरा में ऑटो चालकों की मनमानी, 4 सीटर में 6 सवारी, ड्राइवर के बगल में भी तीन यात्री
