शाहपुर में बाढ़ का विकराल रूप, 75 से अधिक गांवों में पहुंचा पानी; 1 लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित

शाहपुर नगर पंचायत और प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ की स्थिति विकराल हो गई है. 75 से अधिक गांवों में पानी पहुंचने से करीब 1 लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित है. सड़कों पर पानी बहने से आवागमन ठप है और हजारों एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद होने की आशंका है.

Ganga Flood in Shahpur : गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से भोजपुर जिले के शाहपुर नगर पंचायत सहित प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है. प्रखंड के करीब 75 से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है. कई ग्रामीण सड़कों पर दो से चार फीट तक पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है.

बाढ़ के पानी में डूबा घर. फोटो - प्रभात खबर

वहीं हजारों एकड़ में लगी धान, मक्का, बाजरा और सब्जियों की खड़ी फसलें बाढ़ के पानी की चपेट में आ गई हैं. लगातार हो रही बारिश से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है. प्रभावित परिवार मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुटे हैं.

पिछले वर्ष की तुलना में अधिक पानी से ग्रामीणों में चिंता

लाक्षुटोला के धनेश्वर राय, दामोदरपुर के पंकज कुमार राय, सत्येंद्र यादव, सुभाष चौधरी व दिनेश यादव, बहोरनपुर के रामजी राय, अरुण राय, मायाशंकर राय व डिग्री यादव, सोनकी के संजय पांडेय व राजेश पांडेय, सुहिया के संजय चौधरी, सोनबरसा के किशुन मिश्रा, माधोपुर के रामाशंकर पासवान, लालू डेरा के हरेंद्र यादव तथा बरिसवन के रिंकू तिवारी व पंकज तिवारी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बाढ़ का पानी अधिक है. जलस्तर में लगातार वृद्धि से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है.

बाढ़ प्रभावित इलाके से नाव के सहारे सुरक्षित स्थान पर जाते ग्रामीण. फोटो - प्रभात खबर

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया बाढ़ का जायजा

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एसडीएम जगदीशपुर ओमप्रकाश लाल, एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा, बीडीओ शत्रुंजय सिंह, आरओ रश्मि सागर और अंचलाधिकारी आनंद प्रकाश ने बहोरनपुर, लाक्षुटोला, हरिहरपुर, करजा और गौरा पंचायत समेत विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया.

अधिकारियों ने बताया कि सभी राजस्व कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र में रहकर बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से समन्वय स्थापित कर लगातार स्थिति की जानकारी प्रशासन को देने को कहा गया है.

शाहपुर के सुहिया मोड़ पर बढ़ग्रस्त गावों ले जाने के लिए रखा गैस सिलिंडर. फोटो - प्रभात खबर

प्रशासन की ओर से आवश्यकता के अनुसार प्रभावित पंचायतों में नावों का परिचालन शुरू कराया गया है. राजस्व कर्मचारियों के माध्यम से पॉलीथिन शीट का वितरण भी कराया गया है. वहीं गौरा पुल के पास मेडिकल टीम तैनात की गई है.

दर्जनों संपर्क पथों पर चढ़ा पानी, आवागमन बाधित

बाढ़ का पानी बिहिया चौरास्ता-दामोदरपुर पथ पर गौरा के पास चढ़ गया है. शाहपुर-गोपालपुर सड़क पर आवागमन ठप है. शाहपुर-सेमरिया और शाहपुर-बरिसवन पथ पर भी पानी चढ़ने से आवागमन बाधित है.

शाहपुर के सुहिया मोड़ पर लगी नाव व अपने घर जाने के लिए बैठे लोग. फोटो - प्रभात खबर

इसके अलावा रानीसागर-भरौली, बरिसवन-चमरपुर, पांडेपुर-बरिसवन, सारंगपुर-लाक्षुटोला, करजा-चारघट, करजा-राजपुर, गौरा-गोविंदपुर, रमदतही-देवमलपुर, चमरपुर-बहोरनपुर, सोनकी-बुझाराय का डेरा तथा मरचइया-राम दयाल ठाकुर का डेरा पथ पर भी पानी पहुंच गया है.

एक लाख से अधिक आबादी प्रभावित और बिजली ठप

प्रखंड के करीब 75 से अधिक गांवों की एक लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित होने की बात सामने आ रही है. कई गांवों का सड़क संपर्क प्रखंड मुख्यालय से प्रभावित हुआ है. लाक्षुटोला, दामोदरपुर, लालू डेरा, बहोरनपुर, प्रसौन्डा, बरिसवन, गौरा, करजा, डुमरिया, सहजौली, हरिहरपुर, सेमरिया, देवमलपुर, खुटहा, सरना, भरौली, सुहिया और ईश्वरपुरा पंचायत के कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है. शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड सात, छह और वार्ड दो के कुछ हिस्से भी जलमग्न हो गए हैं. कई गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी सूचना है.

शाहपुर के मध्य विद्यालय चंदा केवटिया में घुसा बाढ़ का पानी. फोटो - प्रभात खबर

75 से अधिक विद्यालयों में घुसा पानी, पठन-पाठन ठप

बाढ़ का पानी विद्यालयों के आसपास पहुंचने से करीब एक दर्जन विद्यालयों के संचालन पर संकट मंडरा रहा है. वहीं करीब 75 से अधिक विद्यालयों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है, जिससे पठन-पाठन प्रभावित हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो कई और विद्यालयों में पढ़ाई बंद करनी पड़ सकती है.

शाहपुर के गौरा-बहोरनपुर पथ पर बाढ़ का पानी पार करते लोग और बाढ़ के पानी में नहाते बच्चे. फोटो - प्रभात खबर

हजारों एकड़ में लगी फसलों को भारी नुकसान की आशंका

खेतों में बाढ़ का पानी प्रवेश करने से हजारों एकड़ में लगी धान, मक्का, बाजरा और सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है.

बाढ़ के पानी में डूबी खेतों में खड़ी फसल. फोटो - प्रभात खबर

कृषि उत्पाद संगठन खांटी एग्रो के निदेशक उमेश चंद्र पांडेय व धनंजय पांडेय तथा कृषि ग्रीन सेंटर के संचालक श्याम सुंदर सिंह कुशवाहा ने बताया कि खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से फसलों को नुकसान होने की आशंका है. किसानों का कहना है कि जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो फसलों को भारी क्षति हो सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मिथिलेश्वर प्रसाद सिन्हा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >