Arrah News (नरेंद्र प्रसाद सिंह): भोजपुर जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर वकीलों और स्थानीय कचहरी परिसर में चुनावी सरगर्मी अचानक तेज हो गई है. आगामी 22 जुलाई के पहले जिला बार एसोसिएशन का चुनाव संपन्न कराया जा सकता है. इसे लेकर बिहार बार काउंसिल (Bihar Bar Council) द्वारा भोजपुर जिला बार एसोसिएशन के नए सत्र 2026-28 का चुनाव हर हाल में 22 जुलाई से पहले कराने का सख्त निर्देश जारी किया गया है. इस आधिकारिक निर्देश के बाद से ही एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए संभावित उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी गोटियां सेट करना और वकीलों के बीच जनसंपर्क व प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है.
आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू, अभी चुनाव अधिकारी का चयन होना बाकी
बार काउंसिल का निर्देश आते ही कचहरी परिसर में बैठकों और चर्चाओं का बाजार गर्म है. चुनाव की समय सीमा नजदीक आते देख संभावित प्रत्याशियों द्वारा सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत मुलाकातों के जरिए प्रचार अभियान को रफ्तार दे दी गई है. चुनावी मैदान में उतरने को बेताब धड़ों के बीच अभी से ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. हालांकि, चुनावी सरगर्मी के बीच तकनीकी पेंच यह है कि एसोसिएशन द्वारा अभी तक मुख्य चुनाव अधिकारी (Election Officer) का आधिकारिक रूप से चयन नहीं किया जा सका है. जानकारों का कहना है कि जल्द ही बैठक कर चुनाव अधिकारी के नाम पर मुहर लगाई जाएगी, जिसके बाद विस्तृत चुनावी अधिसूचना और नामांकन की तारीखों का ऐलान होगा.
