भरत तिवारी एनकाउंटर की जांच की मांग तेज, घर पर लग रहा नेताओं का जमावड़ा

Bharat Tiwari Encounter : भोजपुर के बिलौटी गांव में हुए एनकाउंटर के बाद सियासत तेज हो गई है. भरत भूषण तिवारी की मौत को लेकर सत्ता और विपक्ष दोनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है. ग्रामीणों ने NH-922 जाम कर विरोध जताया, इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस और प्रशासन पर पारदर्शी कार्रवाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.

Bharat Tiwari Encounter : (मिथिलेश्वर प्रसाद सिन्हा) भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए चर्चित पुलिस एनकाउंटर में भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद अब मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. घटना के बाद से ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, वहीं अब इस मुद्दे पर सियासी हलचल भी तेज हो गई है. खास बात यह है कि विपक्ष के साथ-साथ सत्तापक्ष के नेता भी पीड़ित परिवार के समर्थन में सामने आ रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

परिजनों से मिले विधान पार्षद सोनू राय, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

भोजपुर-बक्सर क्षेत्र के विधान पार्षद सोनू राय बिलौटी गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया.

पूर्व विधायक भाई दिनेश ने उठाए सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग

इसी कड़ी में जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश भी पीड़ित परिवार से मिलने बिलौटी पहुंचे. उन्होंने मृतक के पिता समेत अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. भाई दिनेश ने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के किसी व्यक्ति की जान जाना बेहद गंभीर और निंदनीय है. उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की. इस दौरान उनके साथ लाल बहादुर सिंह, रोहित कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे.

भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने जताया शोक, कहा-दोषी बख्शे नहीं जाएंगे

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मौत से पूरा क्षेत्र मर्माहत है और लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने अपने बयान में कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की मृत्यु का नहीं, बल्कि आम जनता के कानून और न्याय व्यवस्था पर भरोसे से भी जुड़ा है. उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार इस मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करेगी और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.

NH-922 जाम कर ग्रामीणों का विरोध, न्याय की मांग तेज

घटना के विरोध में ग्रामीणों ने बिलौटी गांव के पास NH-922 को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई.

Also Read: भरत तिवारी के एनकाउंटर के साथ दफन हो गए कई राज, घर-परिवार का क्या है माहौल, जानिए पूरी रिपोर्ट

गांव में बढ़ती हलचल, एक ही मांग-न्याय

फिलहाल बिलौटी गांव में माहौल पूरी तरह गरम है. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं. हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है-आखिर इस घटना की सच्चाई क्या है? और एक ही मांग-पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिले.

अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तेजी और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करता है.

Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर केस में अब NHRC की एंट्री, पिता-भाई समेत 14 पर FIR दर्ज

Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले का संज्ञान लें मुख्यमंत्री, पूर्व विधायक राहुल तिवारी ने उठाई मुआवजा और न्याय की मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ragini Sharma

मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >