भोजपुर : रोपनी के लिए नहर के अंतिम छोर तक पहुंचेगा पानी, ज्ञानपुरा-नारायणपुर राजवाहा की सफाई का काम शुरू

पूर्व विधायक भाई दिनेश के अथक प्रयासों से जगदीशपुर के किसानों के लिए अच्छी खबर है. ज्ञानपुरा और नारायणपुर राजवाहा की सफाई का कार्य शुरू हो गया है, जिससे नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचेगा. यह कदम किसानों की रोपाई के समय सिंचाई की समस्या को दूर करेगा.

जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए नहर के निचले हिस्से तक पर्याप्त पानी उपलब्ध हो, इसके लिए मेरा प्रयास कल भी था, आज भी है और कल भी रहेगा. किसानों की रोपनी समय पर हो और उन्हें सिंचाई के लिए पानी के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क, पत्राचार एवं बैठकें की जा रही हैं.

उक्त बातें भाई दिनेश, पूर्व विधायक जगदीशपुर ने कहीं. उन्होंने कहा कि ज्ञानपुरा राजवाहा और नारायणपुर राजवाहा की तत्काल सफाई कराकर नहर के निचले छोर तक पानी पहुंचाने के लिए उन्होंने लगातार सचिव, जल संसाधन विभाग बिहार सरकार, जिला पदाधिकारी भोजपुर, अभियंता प्रमुख सृजन, जल संसाधन विभाग पटना, चीफ इंजीनियर डिहरी, अधीक्षण अभियंता सोन अंचल आरा, कार्यपालक अभियंता सोन अंचल आरा तथा सोन नहर के एसडीओ पीरो एवं रामनगर से संपर्क किया, पत्र लिखा और बैठकें कीं.

उन्होंने बताया कि लगातार किए गए प्रयास का परिणाम रहा कि रोपनी के समय किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा राशि उपलब्ध कराई गई और सफाई का कार्य कराया जा रहा है.

पिछले वर्ष के प्रयास और नहर व्यवस्था का आधुनिकीकरण

भाई दिनेश ने कहा कि पिछले वर्ष भी किसानों की सिंचाई समस्या को देखते हुए हेतमपुर राजवाहा, कटेया लाइन, सिकरिया माइनर, केशरी लाइन, लहठान राजवाहा, बरौली माइनर, बिहिया लाइन और तार माइनर की सफाई के लिए लगातार प्रयास किया गया था.

सफाई होने के बाद इन नहरों के निचले हिस्से तक पानी पहुंचा और किसानों को सिंचाई में राहत मिली. उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी इन सभी नहरों में पानी अंतिम छोर तक पहुँचे, इसके लिए लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है.

किसानों को रोपनी के समय पानी की कमी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना जरूरी है. भाई दिनेश ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी कई जगहों पर अंग्रेजों के जमाने की बनी नहरों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है.

नहरों का पक्कीकरण, नहरों से निकलने वाले पइन का पक्कीकरण तथा नहर एवं नदी किनारे लगे बंद पड़े सरकारी नलकूपों को चालू कराने की दिशा में गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है.

उन्होंने कहा कि यदि नहरों का उचित रखरखाव और पक्कीकरण हो जाए तथा नलकूपों को नियमित रूप से चालू रखा जाए तो किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान काफी हद तक संभव है.

जनसेवा का संकल्प और जनता की जागरूकता

भाई दिनेश ने कहा "सत्ता में रहें या न रहें, पद पर रहें या न रहें, लेकिन अगर आपके अंदर गांव, गरीब, किसान, मजदूर, उपेक्षित और आम जनता के लिए सोच और संकल्प है, तभी वास्तविक विकास संभव है."

उन्होंने कहा कि यदि वे किसानों की समस्याओं को लेकर प्रयास नहीं करते तो शायद कोई उनसे यह नहीं पूछता कि काम क्यों नहीं हुआ, लेकिन किसानों और आम जनता की समस्या देखकर चुप बैठना उनके स्वभाव में नहीं है.

उन्होंने कहा कि जनता को भी अपने अधिकारों और समस्याओं के प्रति जागरूक होना होगा. यदि जनता अपने गांव, नहर, पइन, नलकूप, सड़क, बिजली और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर सजग होकर आवाज उठाएगी तो व्यवस्था पर भी काम करने का दबाव बनेगा.

मीडिया की भूमिका और किसानों के लिए निरंतर प्रयास

भाई दिनेश ने कहा कि किसानों, नहरों, गांव और गरीबों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को मीडिया में भी पर्याप्त प्राथमिकता मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से कई बार ऐसे जनहित के मुद्दे उतनी प्रमुखता से सामने नहीं आ पाते, जितनी मिलनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि किसान की सिंचाई की समस्या किसी एक व्यक्ति या एक गांव की समस्या नहीं है. यह पूरे ग्रामीण समाज और कृषि व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. इसलिए मीडिया और जनप्रतिनिधियों को ऐसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए.

Also Read : गया जी : तीन साल से प्रेमी से फोन पर करती थी बात, अब छोटे बेटे संग महिला लापता; पति से मांगी गई 5 लाख की फिरौती

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि किसानों और आम जनता की समस्या के समाधान के लिए है. भाई दिनेश ने कहा कि किसानों को नहर के अंतिम छोर तक पानी उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में है और जब तक व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता रहेगी, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे.

उन्होंने कहा "आप सोचें या न सोचें, मैं आपके लिए सोचता रहूंगा. किसानों की परेशानी देखकर चुप बैठना मेरी आदत में शामिल नहीं है."

Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी

उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि ज्ञानपुरा राजवाहा, नारायणपुर राजवाहा सहित सभी संबंधित नहरों की सफाई का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराकर नहर के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों को रोपनी और आगामी फसलों के लिए सिंचाई संकट का सामना न करना पड़े. मेरा एक ही लक्ष्य है जनसेवा और जनसमस्याओं का समाधान.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >