पुलिस अधीक्षक भोजपुर के निर्देश पर बबुरा थाना क्षेत्र के बबुरा स्थित एक गर्ल्स कोचिंग सेंटर में रविवार को छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. इस अभियान का नेतृत्व बड़हरा थानाध्यक्ष चुनमुन कुमारी ने किया. इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, उनके विभिन्न कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के जरूरी उपायों तथा लगातार बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक व सतर्क बनाना था.
छेड़खानी या उत्पीड़न होने पर तुरंत करें पुलिस से संपर्क
इस दौरान थानाध्यक्ष चुनमुन कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए कई कड़े कानूनी प्रावधान बनाए गए हैं. किसी भी प्रकार की छेड़खानी, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या अन्य किसी भी अपराध की स्थिति में बिना किसी डर या संकोच के तत्काल पुलिस से संपर्क करना चाहिए. उन्होंने कहा कि समय पर दी गई सूचना से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाने का पूरा प्रयास करती है.
आत्मरक्षा के उपाय और सुरक्षा के तरीके बताए
कार्यक्रम में छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की भी जानकारी दी गई. उन्हें विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, हमेशा सतर्क रहने तथा आसपास उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए.
बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन फ्रॉड से बचें
इसके अलावा, साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी (OTP) और बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया पर अजनबियों से संपर्क रखने, फर्जी लिंक और साइबर बुलिंग जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई. छात्राओं को विशेष सलाह दी गई कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ कभी साझा न करें तथा सोशल मीडिया का पूरी तरह सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें.
भोजपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध
थानाध्यक्ष ने छात्राओं से कहा कि यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की आपराधिक, साइबर या असामाजिक घटना घटती है, या कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो वे बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस को सूचित करें. उन्होंने कहा कि भोजपुर पुलिस आमजन, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
इस जागरूकता अभियान के दौरान छात्राओं ने भी विभिन्न विषयों पर पुलिस से प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस पदाधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया. कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं से समाज में जागरूकता फैलाने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का भी आह्वान किया गया.
Also Read : शेखपुरा : पैक्स और व्यापार मंडलों को 26 जुलाई तक चावल जमा करने का निर्देश, 1483 MT आपूर्ति अब भी बाकी
