Arrah News: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट) आरा स्थित कांग्रेस कार्यालय शहीद भवन में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी ने की. इस अवसर पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया तथा नेहरू के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने पंडित नेहरू के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. जिलाध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी ने कहा कि नेहरू स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक देश का नेतृत्व किया.
नेहरू ने रखी थी आधुनिक भारत की नींव
जिलाध्यक्ष ने कहा कि नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव मजबूत की. उन्होंने वयस्क मताधिकार पर आधारित लोकतंत्र की स्थापना की, धर्मनिरपेक्षता को संविधान का आधार बनाया और सभी धर्मों को समान सम्मान देने की परंपरा स्थापित की.
डॉ. तिवारी ने कहा कि नेहरू ने गुटनिरपेक्ष आंदोलन की नींव रखी, जिससे भारत शीत युद्ध के दौर में किसी गुट का हिस्सा नहीं बना. उन्होंने भिलाई, राउरकेला और दुर्गापुर जैसे स्टील प्लांट, चित्तरंजन लोकोमोटिव, सिंदरी फर्टिलाइजर और BHEL जैसी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
उन्होंने भाखड़ा-नांगल, हीराकुंड और दामोदर घाटी परियोजनाओं को आधुनिक भारत की आधारशिला बताया. साथ ही IIT खड़गपुर, AIIMS दिल्ली, UGC जैसी संस्थाओं की स्थापना और 1951 में योजना आयोग के गठन को देश की आर्थिक योजना का महत्वपूर्ण कदम बताया.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में बनेगा नया IB ऑफिस, जजों को मिलेंगी नई EV गाड़ियां, बिहार कैबिनेट बैठक में 27 प्रस्तावों पर मुहर
