भोजपुर के दलीपुर में बोले मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, वीर कुंवर सिंह किले का होगा सौंदर्यीकरण, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

Arrah News: भोजपुर के दलीपुर में आयोजित अभिनंदन एवं एनडीए कार्यकर्ता सम्मान समारोह में योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा शामिल हुए. उन्होंने क्षेत्र में 100 विकास योजनाओं के शिलान्यास, बेटियों की शिक्षा सहायता और वीर कुंवर सिंह किले के सौंदर्यीकरण की घोषणा की.

Arrah News: भोजपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत दलीपुर खेल मैदान में बुधवार को बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के अभिनंदन सह एनडीए कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए.

समारोह का उद्घाटन मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शॉल, मोमेंटो, तलवार और विशाल माला भेंट कर सम्मानित किया.

एक माह में 100 विकास योजनाओं का होगा शिलान्यास

अपने संबोधन में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए अगले एक माह के भीतर 100 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है.

वीर कुंवर सिंह किले का होगा सौंदर्यीकरण

मंत्री ने घोषणा की कि महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह के ऐतिहासिक किले का लगभग 72 करोड़ रुपये की लागत से नए सिरे से सौंदर्यीकरण कराया जाएगा. इससे ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण होने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.

100 और बेटियों की शिक्षा में देंगे सहयोग

मंत्री ने कहा कि वह पहले से 75 बच्चियों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठा रहे हैं. अब अतिरिक्त 100 बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए अपनी निधि से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करेंगे. उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण समाज के विकास की आधारशिला है.

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

भगवान सिंह कुशवाहा ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है.

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायिका बबीता सागर और कंचन सिंह ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया. वहीं एंकर रविरंजन ने प्रभावशाली संचालन से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया.

कार्यक्रम का संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनूप पटेल ने किया. मौके पर संदेश विधायक राधाचरण साह, मंत्री प्रतिनिधि संजय यादव, एसडीएम संजीत कुमार, एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन मुकेश कुमार, सत्येंद्र सिंह, मुकेश कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल, मेडिकल कैंप और फायर ब्रिगेड की टीम तैनात रही.

Also Read: आरा में गैस उपभोक्ताओं के लिए अलर्ट: तय समय तक कराएं KYC, वरना बंद हो जाएगा कनेक्शन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >