Arrah News: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट) सरकार द्वारा संचालित जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि जनगणना के प्रथम चरण का कार्य हर हाल में 31 मई 2026 तक पूरा कर लिया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक के दौरान सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगणकों द्वारा किए जा रहे गणना कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित कार्य हो सके. उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर आंकड़ों में गलती पाई जाती है तो उसे तत्काल सुधारना अनिवार्य होगा.
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभागीय निर्देशों के अनुरूप प्रथम चरण का शत-प्रतिशत कार्य निर्धारित तिथि तक पूरा कराने का निर्देश दिया.
