Arrah News: (वसीम) भोजपुर जिले के अजीमाबाद थाना क्षेत्र के डीहरा गांव में शुक्रवार की देर रात बारात के दौरान आयोजित नाच कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है. फायरिंग के दौरान चली गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के भलुनी गांव निवासी कृष्ण सिंह के 19 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है. परिजनों द्वारा पहले उसे आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
बारात में शामिल होने गया था युवक
परिजनों के अनुसार, पवना थाना क्षेत्र के पवना गांव से डीहरा गांव में बारात आई थी, जिसमें चंदन कुमार अपने रिश्तेदारों के साथ शामिल होने गया था. बारात में नाच कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था. घायल युवक के भांजे रंजन कुमार ने बताया कि देर रात जब नाच कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान कुछ युवकों द्वारा हर्ष फायरिंग की गई. अचानक चली एक गोली चंदन कुमार को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.
गोली लगते ही मचा हड़कंप
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. शोर-शराबा सुनकर परिजन और अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे. घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
सीने में लगी गोली, सर्जरी कर निकाली गई बुलेट
इलाज कर रहे चिकित्सक के अनुसार, युवक के दाहिने तरफ सीने में गोली लगी थी. गोली लगने से काफी मात्रा में रक्तस्राव हुआ और फेफड़े (लंग्स) को भी नुकसान पहुंचा था. चिकित्सकों ने सर्जरी कर गोली निकाल दी है तथा क्षतिग्रस्त हिस्से का उपचार किया गया है. डॉक्टरों ने बताया कि युवक की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन उसे अभी निगरानी में रखा गया है.
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही अजीमाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. हालांकि हर्ष फायरिंग किस व्यक्ति ने की, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक सामने नहीं आ सकी है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हर्ष फायरिंग पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर शादी और बारात जैसे आयोजनों में होने वाली हर्ष फायरिंग की खतरनाक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्ती बरतने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
