Arrah Crime: (मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट) बड़हरा थाना क्षेत्र के बभनगांवा पंचायत अंतर्गत चातर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. मृतका की पहचान चातर गांव निवासी भीम बिंद की 28 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी के रूप में हुई है.
घरेलू विवाद के बाद हुई घटना
परिजनों के अनुसार रविवार की रात किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी. बताया जाता है कि गेहूं पिसवाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और पति भीम बिंद छत पर सोने चले गए. देर रात पिंकी देवी कमरे में मृत अवस्था में मिलीं. घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा खुलवाया. अंदर महिला का शव मिला, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया.
मायके पक्ष को दी गई सूचना
घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को भी दी गई. सूचना मिलते ही उसका छोटा भाई और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. मृतका के पति ने बताया कि दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था, लेकिन बाद में सब सामान्य हो गया था. उन्हें ऐसी किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी.
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
ग्रामीणों के अनुसार पिंकी देवी की शादी वर्ष 2012 में हुई थी. उनके दो पुत्र हैं. मां की असमय मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने शुरू की जांच
प्रभारी थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद की घटना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: जहानाबाद के मखदुमपुर में डकैती: हथियार के बल पर परिवार को बनाया बंधक, गहने और नकदी लेकर फरार
