बार एसोसिएशन चुनाव : आरा में 64% से अधिक अधिवक्ताओं ने डाला वोट, 30 अगस्त को मतगणना

आरा सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. 1623 अधिवक्ताओं ने 53 पदों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतगणना 30 अगस्त को होगी.

आरा सिविल कोर्ट स्थित बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. सुबह 8:00 बजे से ही अधिवक्ता पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे थे.

बार एसोसिएशन का चुनाव परिसर के अंदर ही आयोजित किया गया, जहां सिविल कोर्ट के गेट से लेकर मतदान केंद्रों तक अधिवक्ताओं का हुजूम दिखाई दे रहा था. कुल मिलाकर 1623 मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया.

6 बूथों पर अल्फाबेट के अनुसार हुई वोटिंग

बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए कुल 6 बूथ बनाए गए थे, जहां अधिवक्ताओं के नाम के अल्फाबेट के अनुसार सूची तैयार की गई थी. कतार लंबी होने के कारण मतदान में करीब 1 घंटे का समय लग रहा था.

पूरी प्रक्रिया में किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी. चुनाव कक्ष से लगातार निर्देश दिए जा रहे थे और प्रत्याशियों को बूथों से बाहर रहने की सख्त हिदायत थी.

बाहर लगे पंडालों में नाश्ते व भोजन का प्रबंध, पंपलेट देकर मांगे गए वोट

सिविल कोर्ट के बाहर सड़क किनारे प्रत्याशियों द्वारा पंडाल लगाए गए थे, जहां नाश्ता, भोजन, पानी और शरबत की व्यवस्था की गई थी.

प्रवेश द्वार से लेकर केंद्र के बाहर तक प्रत्याशी और उनके समर्थक आने वाले मतदाता अधिवक्ताओं को अपना पंपलेट थमाकर पक्ष में मतदान करने का अनुरोध करते दिखे. मतदान के लिए कई ऐसे गैर-प्रैक्टिसिंग अधिवक्ता भी पहुंचे थे जिनका केवल एनरोलमेंट है.

सत्र 2026-28 के लिए 53 पदों पर हुआ चुनाव

सत्र 2026-28 के लिए हुए चुनाव में कुल 2522 मतदाता अधिवक्ताओं में से 1623 ने शाम 4 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया. 53 पदों के लिए हुए इस चुनाव में कुल 46 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना 30 अगस्त को सुबह 10 बजे से होगी.

महिला आरक्षित पदों पर उपाध्यक्ष, सहायक सचिव सहित 7 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

चुनाव के दौरान महिला आरक्षित पदों में से उपाध्यक्ष पद के लिए आशा कुमारी, सहायक सचिव पद के लिए रंभा कुमारी तथा कनीय कार्यकारिणी के लिए 7 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नरेद्र प्रसाद सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >