Arrah Junction Cleanliness Drive : आरा जंक्शन पर सफाई व्यवस्था को लेकर सोमवार को प्रकाशित खबर का असर मंगलवार को देखने को मिला. प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में फैली गंदगी की तस्वीरें सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने सफाई अभियान चलाया. सीएचआई (मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक) जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में सफाईकर्मियों ने प्लेटफॉर्म से लेकर स्टेशन परिसर तक सफाई की और जगह-जगह जमा कचरे को हटाया.
सोमवार को प्रकाशित हुई थी गंदगी की खबर
सोमवार को प्रभात खबर डिजिटल पर आरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म और परिसर में फैली गंदगी की तस्वीरों के साथ खबर प्रकाशित की गयी थी. खबर में यात्रियों को गंदगी, कूड़े-कचरे और कई स्थानों पर दुर्गंध के कारण हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया गया था. खबर प्रकाशित होने के अगले ही दिन रेलवे की ओर से सफाई अभियान शुरू कर दिया गया.
प्लेटफॉर्म से परिसर तक हुई सफाई
मंगलवार को सफाईकर्मियों ने आरा जंक्शन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, यात्रियों के आने-जाने वाले रास्तों और स्टेशन परिसर के आसपास जमा कचरे को हटाया. कई स्थानों पर गंदगी की सफाई कर कचरे का उठाव कराया गया. अभियान के दौरान रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी भी सफाई व्यवस्था की निगरानी करते नजर आये.
यात्रियों को गंदगी और दुर्गंध से मिलेगी राहत
आरा जंक्शन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आना-जाना होता है. ऐसे में सफाई अभियान शुरू होने से यात्रियों को गंदगी और दुर्गंध की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है. यात्रियों का कहना है कि आरा जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर सफाई व्यवस्था लगातार बेहतर रहनी चाहिए, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
हर दिन होती है सफाई, फिर भी फैल जाती है गंदगी : सीएचआई
सीएचआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरा जंक्शन पर प्रतिदिन नियमित रूप से साफ-सफाई करायी जाती है. सफाईकर्मी लगातार स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म की सफाई में लगे रहते हैं. इसके बावजूद कुछ मानसिक रूप से विक्षिप्त लोगों और भिखारियों की ओर से कई जगहों पर गंदगी फैला दी जाती है. ऐसी स्थिति में सफाईकर्मी तत्काल वहां पहुंचकर दोबारा सफाई करते हैं.
सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी
सीएचआई ने कहा कि स्टेशन परिसर को साफ और स्वच्छ रखना रेलवे की प्राथमिकता है. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाती है और जरूरत के अनुसार सफाई करायी जाती है.
खबर के बाद रेलवे की सक्रियता से यात्रियों में संतोष
आरा जंक्शन पर सफाई अभियान शुरू होने के बाद यात्रियों में भी संतोष नजर आया. यात्रियों का कहना है कि स्टेशन की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाये जाने के बाद रेलवे प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई की गयी है. यात्रियों ने उम्मीद जतायी कि सफाई अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा और स्टेशन पर नियमित रूप से कचरा उठाव व सफाई जारी रहेगी.
संबंधित खबर : आरा जंक्शन पर सफाई व्यवस्था बेपटरी, प्लेटफॉर्म से परिसर तक पसरी है गंदगी
नियमित सफाई और निगरानी की मांग
यात्रियों ने रेल प्रशासन से प्लेटफॉर्म और पूरे स्टेशन परिसर में नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव तथा उन स्थानों पर विशेष निगरानी की मांग की है, जहां बार-बार गंदगी की समस्या सामने आती है. इससे आरा जंक्शन की स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
