Arrah News : भोजपुर जिले के बड़हरा अंतर्गत कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में थाना क्षेत्र के गुंडी गांव स्थित जियो टावर के समीप एक बगीचे में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 65 लीटर देसी शराब बरामद की है. हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की त्वरित छापेमारी
जानकारी के अनुसार, कृष्णागढ़ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुंडी गांव स्थित जियो टावर के पास एक बगीचे में अवैध रूप से देसी शराब छिपाकर रखी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए टीम के साथ चिन्हित स्थल पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान बगीचे में छिपाकर रखे गए करीब 65 लीटर देसी शराब को बरामद कर लिया गया.
फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचने की आहट मिलते ही शराब तस्कर मौके से भाग निकलने में सफल रहा. पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर थाना लाते हुए उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
कृष्णागढ़ थाना पुलिस ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान की जा रही है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
