प्रतिनिधि, अररिया डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया. इमसें पांडुलिपि संरक्षण, 19 मई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर व जिले में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की गयी. डीएम ने कहा कि जन शिकायतों के सरल, सुलभ व प्रभावी निवारण के उद्देश्य से जिले के सभी पंचायतों में पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जायेगा. ये शिविर प्रत्येक माह के प्रथम व तृतीय मंगलवार को आयोजित होंगे. उन्होंने कहा कि शिविर के सफल संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिये गये हैं. आवेदन शिविर से पूर्व ही प्राप्त किये जा रहे हैं. आवेदन प्रखंड कार्यालय या पंचायत कर्मियों के माध्यम से जमा किया जा सकता है. डीएम ने कहा कि सभी आवेदनों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण किया जायेगा. उनका निबटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाना है. उन्होंने कहा कि शिकायतों के निष्पादन के लिए शिविर संवाद समाधान पोर्टल का उपयोग किया जायेगा. इससे पारदर्शिता व त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगा. उन्होंने बताया कि 19 मई 2026 को जिले में पहला सहयोग शिविर कुर्साकांटा के डुमरिया, सिकटी के आमगाछी, रानीगंज के बेलसरा, भरगामा के कुशमौल, अररिया के साहसमल, फारबिसगंज के बथनाहा, पलासी के बलुआ कलियागंज, अररिया के भोजपुर, जोकीहाट के भगवानपुर, रानीगंज के हांसा, फारबिसगंज के सहवाजपुर, नरपतगंज के बेला पंचायत में आयोजित होगा. जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति के संबंध में बताया गया कि जिले में रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है. जिले में प्रतिदिन औसतन 6067 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है.
जिले में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य
19 मई जिले में आयोजित होगा पहला सहयोग शिविर
