भरगामा. थाना क्षेत्र के खुटहा बैजनाथपुर गांव में करंट लगाकर की गयी हत्या के मामले का भरगामा पुलिस ने उद्भेदन करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त विजेंद्र मंडल का पुत्र गणेश मंडल गांव में ही घूम रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष राजेश कुमार, एसआइ गुड्डू कुमार व सशस्त्र बल के जवानों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया. गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के खुटहा बैद्यनाथपुर पंचायत के वार्ड संख्या 04 निवासी 30 वर्षीय संजीत कुमार मंडल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी. नहर के बांध पर शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गयी थी व परिजनों के बीच मातम पसर गया था. मृतक की पत्नी संझा देवी ने गांव के ही कुछ लोगों पर साजिश के तहत करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया था. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मृतका की पत्नी के आवेदन के आधार पर दो युवक संजीत मंडल व गणेश मंडल को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. इनमें से एक अभियुक्त संजीत मंडल को एक माह पूर्व ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. जबकि दूसरे अभियुक्त गणेश मंडल को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
करेंट लगाकर हत्या करने के मामले का मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
पत्नी ने दिया था थाने में आवेदन
