भरगामा. सरकारी कार्य में बाधा डालने व अनुसूचित संवर्ग से आने वाली महिला कार्यपालक सहायक के साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में भरगामा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी अनुसार शंकरपुर स्थित सरकार भवन में कार्यरत महिला कार्यपालक सहायक रेणु कुमारी पिता पितवल्लव सरदार ने भरगामा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनके साथ बदसलूकी करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गयी. आवेदन प्राप्त होते ही भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सत्यापन कराया. जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल छापेमारी शुरू कर दी. इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि नामजद अभियुक्त परमानंद यादव का पुत्र रणधीर यादव शंकरपुर फुटानी हाट स्थित एक दुकान पर मौजूद है. सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार व एसआई गुड्डू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाटकीय ढंग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अभियुक्त को थाना लाकर आवश्यक पूछताछ की गयी, जिसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
सरकारी कार्य में बाधा व अभद्र व्यवहार के आरोप में गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी कर किया गिरफ्तार
