फारबिसगंज. एसपी जितेंद्र कुमार गुरुवार को आदर्श थाना फारबिसगंज पहुंच कर जहां फारबिसगंज थाना का औचक निरीक्षण किया. इस क्रम में उन्होंने थाना परिसर में अवस्थित मालखाना कक्ष, सिरिस्ता कक्ष, अनुसंधान कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, थानाध्यक्ष कक्ष का निरीक्षण किया. निरीक्षण करने के बाद एसपी ने थाना के स्टेशन डायरी, गुंडा पंजी, मालखाना पंजी, गिरोह पंजी, तख्ती, डोसियर सहित थाना के अन्य पंजी व अन्य फाइलों का अवलोकन किया. निरीक्षण करने व पंजियों का अवलोकन करने बाद एसपी ने थानाध्यक्ष सहित थाना में पदस्थापित कनीय पुलिस पदाधिकारियों सह कांडों के अनुसंधान कर्ताओं के साथ बैठक कर थाना में लंबित कांडों की समीक्षा की. एसपी ने थाना में पदस्थापित एक एक कनीय पुलिस पदाधिकारी सह कांडों के अनुसंधान कर्ताओं से बारी बारी से उनके पास लंबित कांडों के संदर्भ में जानकारी ली. किन किन कांडों में क्या कार्रवाई हुई व आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, कौन कौन से कांडों का निष्पादन हुआ इसकी विस्तृत जानकारी ली. किन किन कांडों में आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नही हुई तो क्यों नही हुई व कांडों का निष्पादन क्यों नही हुआ इस संदर्भ में संदर्भित कांड के अनुसंधान कर्ताओं से कार्रवाई में अब तक विलंब होने के कारण को पूछते हुए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिये. इस मौके पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार,अनि कुमारी बबीता, रेखा कुमारी, उपेंद्र शर्मा, अजय कुमार पासवान, रेखा कुमारी, सुभाष प्रसाद सहित अन्य कनीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.
एसपी ने की लंबित कांडों की समीक्षा
एसपी ने फारबिसगंज थाना का किया निरीक्षण
