अररिया : सेविका प्रोन्नति के माध्यम से महिला पर्यवेक्षिका के नियोजन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गयी है. जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में आईसीडीएस से जुड़े कार्यों और महिला पर्यवेक्षिका नियोजन की प्रगति की समीक्षा की गयी. बैठक में मेधा सूची पर मिली 16 आपत्तियों का निराकरण कर दिया गया. चयन समिति ने सूची पर सहमति देते हुए इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी कर ली है.
जल्द प्रकाशित होगी अंतिम मेधा सूची
महिला पर्यवेक्षिका के नियोजन के लिए सेविका प्रोन्नति से तैयार मेधा सूची पर निर्धारित अवधि में 16 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं. जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने बताया कि विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार सभी आपत्तियों का निपटारा कर दिया गया है.
इसके बाद चयन समिति ने मेधा सूची को अंतिम रूप देने पर सहमति दी. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अंतिम परिणाम जल्द प्रकाशित करने का निर्देश दिया, ताकि नियोजन प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी की जा सके.
85 आंगनबाड़ी केंद्रों में बनेगा शौचालय
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गयी. बताया गया कि जिले के 85 आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण का काम लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को सौंपा गया है.
डीएम ने PHED के कार्यपालक अभियंता को सभी केंद्रों पर शौचालय निर्माण का काम जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बच्चों और लाभार्थियों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है.
आंगनबाड़ी भवन के लिए जमीन संबंधी प्रक्रिया तेज
आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यक भूमि के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. डीएम ने भवन निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया.
पोषण ट्रैकर का डेटा अपडेट रखने का निर्देश
बैठक में पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज सेवाओं और लाभार्थियों से संबंधित आंकड़ों की भी समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को पोषण ट्रैकर पर आंकड़ों की शुद्धता, गुणवत्ता और समय पर अपडेट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने आईसीडीएस की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा.
रजिस्ट्री कराने जाएंगे अररिया? लिंक खोलें और पहले जान लें निबंधन दफ्तर में अब क्या-क्या बदलेगा
