भरगामा. प्रखंड क्षेत्र के सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत स्थित बाबा सर्वेश्वर नाथ शिव मंदिर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर बुधवार से 24 घंटे के अखंड रामायण पाठ का का शुभारंभ हो गया. इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है व मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है.आयोजन समिति के अनुसार रामायण पाठ में किशनगंज से आए विद्वान पंडितों के साथ स्थानीय विद्वान पंडित हरे राम झा द्वारा श्रीरामचरितमानस का सस्वर पाठ किया जा रहा है. पूरे 24 घंटे तक रामायण की चौपाइयों व भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया. समिति के सदस्यों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास को सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी व आध्यात्मिक साधना का विशेष काल माना जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के कल्याण, क्षेत्र की सुख-समृद्धि व विश्व शांति की कामना से इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया है.
बाबा सर्वेश्वर नाथ मंदिर में रामायण पाठ शुरू
रामायण पाठ से माहौल हुआ भक्तिमय
