ट्रेन में मामूली विवाद के बाद रेलकर्मी को दिया धक्का, सिर में लगे 17 टांके, हालत गंभीर, रेफर

कर्मी चंदन हल्दिया स्टेशन पर ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत है

अररिया. अररिया आरएस थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आयी. कुसियारगांव अपने घर से ड्यूटी पर लौट रहे रेलवे गैंगमैन को ट्रेन में हुए मामूली विवाद के बाद अज्ञात यात्री ने चलती ट्रेन से धक्का दे दिया. युवक आरएस रेलवे ढाला पर जा गिरा व गंभीर रूप से घायल हो गया.

दो मिनट में बदल गयी जिंदगी

घायल की पहचान कुसियारगांव रेलवे कॉलोनी निवासी चंदन कुमार चौधरी पिता स्व राम सेवक चौधरी के रूप में हुई है. कर्मी चंदन हल्दिया स्टेशन पर ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत है. फाटक संख्या केएस-47 पर कार्यरत गैंगमैन त्रिलोकी यादव ने बताया कि चंदन ने रात 09:08 बजे फोन पर कहा था कि ट्रेन में किसी से झगड़ा हो गया है. महज 02 मिनट बाद, 09:10 बजे उसे चलती ट्रेन से बाहर धकेल दिया गया. वहीं रेफर होने के बाद घायल कर्मी की मां ने बताया कि ड्यूटी पर जल्दबाजी में जाने के कारण रात को घर में खाना भी नहीं खाया व बिना खाना खाये ट्रेन पर सवार होकर ड्यूटी के लिए चल दिया.

सिर फटा, 17 टांके लगे

ढाला पर गिरते ही चंदन का सिर बुरी तरह फट गया व बेहोश हो गया. अन्य रेलकर्मियों ने तुरंत उसे उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के दौरान सिर के पिछले हिस्से में 15 से 17 टांके लगाने पड़े. ज्यादा खून बह जाने व हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए नेपाल के न्यूरो हॉस्पिटल रेफर कर दिया. घटना के बाद ट्रेन 05 मिनट तक अररिया आरएस स्टेशन पर रुकी रही. आरपीएफ जवानों ने कई बोगियों में यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन हमलावर का कोई सुराग नहीं मिला. किसी भी यात्री ने घटना के बारे में जानकारी होने से इनकार किया.

आरपीएफ ने की कानूनी कार्रवाई

अररिया आरएस स्टेशन पर तैनात आरपीएफ जवान आशुतोष कुमार ने अस्पताल पहुंचकर कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी की. इसके बाद घायल चंदन को एंबुलेंस से नेपाल के न्यूरो हॉस्पिटल भिजवाया गया. फिलहाल पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है. रेलवे कर्मियों में इस घटना को लेकर आक्रोश है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRAPHULL BHARTI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >