अररिया : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में 52वीं वाहिनी एसएसबी अररिया के जवानों को सफलता मिली है. बीओपी सैदाबाद के जवानों ने नूना नदी क्षेत्र से 17.4 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की गयी है.
एसएसबी के अनुसार सोमवार को करीब 11 बजे सूचना मिली कि नूना नदी के रास्ते नेपाली शराब की तस्करी की जा सकती है. सूचना के बाद कंपनी प्रभारी निरीक्षक प्रकाश चंद्र पांडे के निर्देश पर गश्ती दल को इलाके में भेजा गया.
बाइक पर शराब लेकर पहुंचा था आरोपी
गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 158/03 से करीब 150 मीटर पश्चिम और भारतीय क्षेत्र में 125 मीटर अंदर नूना नदी के पास एक व्यक्ति को बाइक के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा. जवानों ने उसे रोककर बाइक की तलाशी ली. तलाशी के दौरान बाइक से 17.4 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई.
इसके बाद जवानों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बाइक को भी जब्त कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. शाहरुख के रूप में हुई है.
सिकटी पुलिस को सौंपा गया
एसएसबी ने बरामद नेपाली शराब, जब्त बाइक और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिकटी थाना पुलिस को सौंप दिया है.
52वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट मितुल कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी रोकने के लिए विशेष गश्त और निगरानी लगातार जारी है. सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर जवानों की विशेष नजर रखी जा रही है.
