नरपतगंज (अररिया). नरपतगंज बाजार स्थित एनएच-27 के अंडरपास में जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के बाद अंडरपास में पानी भर जाने और कीचड़ जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
बाजार को जोड़ने वाला एकमात्र अंडरपास
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार के आर-पार आने-जाने के लिए यह एकमात्र अंडरपास है. आकार छोटा होने के कारण यहां से बड़े वाहनों का आवागमन संभव नहीं है. चारपहिया वाहन, बाइक सवार और पैदल यात्री इसी रास्ते का उपयोग करते हैं. बारिश के बाद अंडरपास तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे आवाजाही बेहद मुश्किल हो जाती है.
पानी निकासी के बाद भी बनी रहती है समस्या
नगर पंचायत की ओर से मशीन लगाकर अंडरपास से पानी निकाला जाता है, लेकिन कुछ ही समय बाद फिर पानी भर जाता है. लगातार जलजमाव रहने से लोगों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विरोध-प्रदर्शन किया जा चुका है. एनएचएआई के अधिकारियों के अलावा सांसद और विधायक से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है. लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
एनएचएआई से समन्वय कर होगी कार्रवाई
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि अंडरपास में जलजमाव होने पर मशीन के माध्यम से लगातार पानी की निकासी कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि स्थायी समाधान के लिए एनएचएआई से समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोग अंडरपास में बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था और सड़क की ऊंचाई बढ़ाने जैसी स्थायी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.
ALSO READ : अररिया पुलिस की बड़ी कामयाबी, मोबाइल लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
