पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के नये कीर्तिमान स्थापित किये : डॉ दिलीप

स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालय बनने से महिलाओं की गरिमा व सुरक्षा सुनिश्चित हुई है.

उज्ज्वला योजना से देश की लाखों महिलाओं को खाना पकाने के दौरान धुआं से मिली मुक्ति

अररिया. बिहार सरकार के राजस्व व भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं. राजस्व व भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल शनिवार को अररिया में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं. उन्होंने कहा कि पहले सरकार द्वारा भेजी गयी सहायता का बड़ा हिस्सा बिचौलियों के कारण लाभुकों तक नहीं पहुंच पाता था. प्रधानमंत्री मोदी ने जनधन, आधार व मोबाइल यानी जेएएम व्यवस्था के जरिये इस समस्या का समाधान किया. करोड़ों गरीबों के जनधन खाते खुलने से अब योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जाती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से करोड़ों किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक मदद मिल रही है. वर्ष 2019 से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है. दुनिया के कई देश जब चुनौतियों से जूझ रहे हैं. भारत अपने गरीबों व जरूरतमंदों की चिंता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है. आयुष्मान भारत योजना से देश में करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है. स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालय बनने से महिलाओं की गरिमा व सुरक्षा सुनिश्चित हुई है.

करोड़ों घर तक पहुंचा स्वच्छ पेयजल

जल जीवन मिशन से करोड़ों घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचा है. वहीं उज्ज्वला योजना से देश की लाखों महिलाओं को खाना पकाने के दौरान धूआं से मुक्ति मिली है. राजस्व व भूमि सुधार मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं के साथ आधारभूत ढांचों के निर्माण को भी नई गति दी है. गंगा पर कई नये पुल बने हैं. कोसी क्षेत्र के विकास के लिये करीब 6000 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं. ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में काम हो रहा है व रैपिड रेल जैसी परियोजनाओं की प्रगति निरंतर जारी है. उन्होंने बताया कि 2014 से पहले देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे. वहीं अब इसकी संख्या बढ़ कर करीब 90 हो गयी है. नये हवाई अड्डों का तेजी से निर्माण व विकास हो रहा है. सड़क संपर्क मामले में भी देश में अभूतपूर्व काम हुआ है. राष्ट्रीय राजमार्गों का बड़ा नेटवर्क तैयार हुआ है. स्वास्थ्य क्षेत्र में 23 नये एम्स की स्वीकृति से लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा सहजता पूर्वक मिल रही है. श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व आज वैश्विक स्तर पर सम्मान का प्रतीक है. विकसित भारत के संकल्प के साथ केंद्र सरकार देश को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिये काम कर रही है. मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, नरपतगंज विधायक देवयंती यादव, सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सुराणा, अररिया जिला प्रभारी विजय शंकर चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >