घटना के बाद से ही स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है. मामले को लेकर बजरंग दल के संयोजक संजीव साह ने जोगबनी थाने में लिखित आवेदन देकर दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की सत्यता जांचने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है.
मामूली कहासुनी के बाद युवक ने तान दी पिस्तौल, बाल-बाल बचे संयोजक
पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, बजरंग दल के संयोजक संजीव साह की नेता चौक के पास किसी बात को लेकर दो स्थानीय युवकों से कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई. संजीव साह का आरोप है कि इसी बीच एक युवक ने अचानक कमर से पिस्तौल निकाली और जान से मारने की नीयत से उन पर सीधे गोली चला दी. इस जानलेवा हमले में संजीव साह बाल-बाल बच गए और उन्हें किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं पहुंची. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस, आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
दिनदहाड़े रेलवे ढाला जैसे व्यस्त इलाके में फायरिंग की सूचना मिलते ही जोगबनी थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटाई. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना की सत्यता और आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके.
"बजरण दल के नेता द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें दो युवकों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हर बिंदु पर गहन जांच-पड़ताल कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है." — महादेव कामत, थानाध्यक्ष, जोगबनी
