Forbisganj News: अररिया के फारबिसगंज से मो कलीम उद्दीन का रिपोर्ट. सिमराहा थाना क्षेत्र के मदारगंज निवासी एक युवक के साथ कथित लूट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि सिटी रिक्शा चालक ने पहले युवक की जेब से 64 हजार रुपये छीन लिये और फिर चलती रिक्शा से धक्का देकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना 15 मई की बतायी जा रही है. मामले को लेकर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है.
फल खरीदने जा रहा था युवक, रास्ते में हुआ हमला
पीड़ित युवक डिंपल चौधरी के पिता दिनेश चौधरी ने थाना में दिये गये आवेदन में बताया कि उनका 32 वर्षीय पुत्र 15 मई की सुबह सिमराहा से सिटी रिक्शा पर सवार होकर फारबिसगंज फल खरीदने जा रहा था. इसी दौरान ढोलबज्जा मंडल चौक के आगे पहुंचते ही रिक्शा चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने साजिश के तहत युवक की जेब से 64 हजार रुपये निकाल लिये.
आरोप है कि विरोध करने पर चालक ने युवक को चलती रिक्शा से धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया. घायल अवस्था में जब युवक ने रिक्शा रोकने की कोशिश की तो चालक ने वाहन वापस मोड़कर उसे जोरदार टक्कर मार दी.
दोनों हाथ की हड्डी टूटी, सिर में लगी गंभीर चोट
परिजनों के अनुसार हादसे में डिंपल चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके दोनों हाथ की हड्डियां टूटकर बाहर निकल गयीं, जबकि सिर में भी गंभीर चोट लगी. घायल युवक को पहले अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया.
वर्तमान में युवक का इलाज भागलपुर के एक अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद परिवार सदमे में है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है.
तीन लोगों को बनाया गया आरोपी
थाना में दिये गये आवेदन में पीड़ित पक्ष ने सिमराहा थाना क्षेत्र के मदारगंज वार्ड संख्या 12 निवासी साजिद समेत जमशेद और शमशेद को आरोपी बनाया है. पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.
अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: जीतनराम मांझी की समधन के काफिले पर हमला, बाल-बाल बची ज्योति मांझी, जानिए क्या है पूरा मामला
