Araria Mandi: अररिया से मृगेंद्र मणि सिंह की रिपोर्ट. अररिया मंडी समेत फोर्बेसगंज और रानीगंज मंडियों में रविवार को अनाज, फल और सब्जियों की खरीद-बिक्री सामान्य रही. मंडी कारोबारियों के अनुसार इस समय बाजार पूरी तरह डिमांड और सप्लाई पर निर्भर है. खासकर गर्मी के मौसम में फलों की मांग बढ़ने से आम और सेब के रेट में मजबूती बनी हुई है, जबकि आलू और मक्का के बाजार में स्थिरता देखने को मिल रही है.
आलू और प्याज के भाव में स्थिरता
अररिया मंडी में आलू 1300 से 1600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है. वहीं प्याज का भाव 2700 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. कारोबारियों का कहना है कि इस समय बाजार में आलू की पर्याप्त आवक बनी हुई है, जिसके कारण दाम नियंत्रित हैं.
फोर्बेसगंज मंडी में ज्योति आलू का भाव करीब 1400 रुपये प्रति क्विंटल रहा. स्थानीय व्यापारियों के अनुसार अगले कुछ दिनों में मौसम और आवक के आधार पर कीमतों में बदलाव संभव है.
आम और सेब ने बढ़ाई बाजार की गर्मी
गर्मी बढ़ने के साथ फलों की मांग भी तेज हो गयी है. अररिया मंडी में आम का भाव 35 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. वहीं सेब का रेट 1 लाख 20 हजार रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जो बाजार में सबसे अधिक रहा.
व्यापारियों का कहना है कि बाहर से आने वाले फलों की लागत बढ़ने और मांग अधिक रहने के कारण कीमतों में तेजी बनी हुई है. खासकर शादी-विवाह और मौसमी मांग के चलते फलों का कारोबार मजबूत चल रहा है.
मक्का बाजार में किसानों की नजर
मक्का का भाव बिहार की विभिन्न मंडियों में 2100 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बना हुआ है. किसानों की नजर अब आने वाले दिनों के बाजार रुख पर टिकी हुई है. मंडी विशेषज्ञों के अनुसार डिमांड बढ़ने पर मक्का के दाम में सुधार हो सकता है.
इधर धान खरीद को लेकर भी किसानों के बीच चर्चा जारी है. इस बार सामान्य धान 2369 रुपये और ग्रेड-A धान 2389 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है.
Also Read:बंटवारा नहीं होने पर भी जारी रहेगा सर्वे, एक्शन मोड में सरकार, 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य
