अररिया : प्रखंड क्षेत्र के बढ़ेपारा पंचायत के वार्ड संख्या-7 में शुक्रवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक पोखर में कथित रूप से जहर डाल दिया, जिससे लाखों रुपये की मछलियां मर गईं. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, वार्ड-7 निवासी मनोज झा के घर के समीप करीब एक एकड़ में बना पोखर है. आरोप है कि शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने उसमें जहर डाल दिया. शनिवार सुबह जब पोखर मालिक को इसकी जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. पोखर में हजारों मछलियां मृत अवस्था में पड़ी मिलीं.
पहले भी हो चुकी है तोड़फोड़ की घटना
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी असामाजिक तत्वों ने गांव में पांच एकड़ धान की बिछड़े को काटकर नुकसान पहुंचाया था. अब पोखर में जहर डालकर मछलियों को मार दिए जाने से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी का माहौल है.
मनोज झा, निर्मल लाल दास, महेश झा, सुमन झा, मुरली झा, घनश्याम झा, सरवन कुमार, विनोद झा, बेचन मुखिया, पारस झा सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन मिलने पर होगी प्राथमिकी
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिल गई है. पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
