Araria News: अररिया जिले के फारबिसगंज से दर्जनों गौभक्त देशव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हुए. यह बैठक राजधानी दिल्ली में आयोजित की जा रही है, जहां विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधि गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने, देशभर में गौ हत्या पर रोक लगाने और गौ संरक्षण के लिए विशेष कानून बनाने जैसे मुद्दों पर आगे की रणनीति तय करेंगे.
फारबिसगंज से यह दल बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक सह गौ सम्मान आह्वान अभियान के जिला प्रभारी मनोज सोनी के नेतृत्व में सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुआ. कार्यकर्ताओं ने इसे अभियान के अगले चरण की महत्वपूर्ण बैठक बताया.
दिल्ली बैठक में क्या होगी चर्चा
मनोज सोनी ने बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाना, पूरे भारत में गौ हत्या पर रोक सुनिश्चित करना और गौ माता की देखरेख व पालन-पोषण के लिए मंत्रालय स्तर पर विशेष कानून बनवाना है.
उन्होंने कहा कि अब तक अभियान के तहत व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जा चुका है और विभिन्न प्रशासनिक स्तरों पर ज्ञापन भी सौंपे गए हैं. दिल्ली की बैठक में इन प्रयासों की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी.
हस्ताक्षर अभियान से दिल्ली बैठक तक
मनोज सोनी के अनुसार अभियान के पहले चरण में अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था. दूसरे चरण में जिला पदाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा गया.
उन्होंने कहा कि देशभर के साधु-संतों के आह्वान पर यह अभियान चलाया जा रहा है और अब इसे अगले चरण में ले जाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विचार-विमर्श किया जाएगा.
अररिया जिले से करीब 20 कार्यकर्ता होंगे शामिल
उन्होंने बताया कि अररिया जिले से लगभग 20 कार्यकर्ता दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय बैठक में भाग लेंगे. बैठक में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय, जनजागरण अभियान और भविष्य की शांतिपूर्ण एवं कानूनी गतिविधियों को लेकर चर्चा होगी.
आंदोलन जारी रखने की घोषणा
मनोज सोनी ने कहा कि जब तक गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और संवैधानिक दायरे में रहकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना है.
Araria News: ये कार्यकर्ता हुए रवाना
दिल्ली रवाना होने वालों में शक्ति मंडल, विश्वजीत कुमार, राजकुमार सोनी, करण कर्मकार, सूरज कुमार, अजय पासवान, राजेंद्र मंडल, सुजीत कुमार, राजू कुमार, अभिजीत यादव, राहुल गुप्ता, अंकित शाह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे.
