फारबिसगंज में जर्जर कल्वर्ट से हर दिन गुजर रही जिंदगी, ग्रामीण बोले- मरम्मत नहीं हुई तो होगा आंदोलन

Araria News: फारबिसगंज प्रखंड के रहिकपुर ठिलामोहन में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क का कल्वर्ट वर्षों से क्षतिग्रस्त है. भारी वाहनों के आवागमन से इसकी हालत और बिगड़ रही है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत न होने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी है.

Araria News: फारबिसगंज प्रखंड के रहिकपुर ठिलामोहन स्थित पासवान टोला के पास प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बना कल्वर्ट वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ा है. बरसात में इसकी स्थिति और खतरनाक हो जाती है. भारी वाहनों के गुजरते ही कंपन महसूस होता है, गड्ढों में पानी भर जाता है और हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई. अब लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा.

एनएच-27 को कई पंचायतों से जोड़ने वाला अहम मार्ग

फारबिसगंज से प्रतिनिधि. रहिकपुर ठिलामोहन स्थित पासवान टोला के समीप यह कल्वर्ट उस सड़क पर बना है, जो एनएच-27 के मानिकपुर टावर चौक से लहसनगंज, समौल होते हुए घोड़ाघाट और फारबिसगंज-खवासपुर मार्ग को जोड़ती है. इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे और भारी वाहन गुजरते हैं.

लहसनगंज में पनार नदी पर पुल बनने के बाद खवासपुर समेत कई पंचायतों के लोगों के लिए यही सड़क जिला मुख्यालय अररिया, अनुमंडल मुख्यालय फारबिसगंज और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग बन गई है.

बरसात में बढ़ जाता है खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि कल्वर्ट लगातार जर्जर होता जा रहा है. भारी वाहनों के गुजरने से टूट-फूट बढ़ रही है. बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को खतरा रहता है. कई बार वाहन फंस जाते हैं और पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है.

स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

Araria News: कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षतिग्रस्त कल्वर्ट की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन अब तक न तो मरम्मत शुरू हुई और न ही पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल हुई.

लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही का महत्वपूर्ण मार्ग है. ऐसे में इसकी अनदेखी आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है.

जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त कल्वर्ट की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वे जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

इसे भी पढ़ें: सुपौल-दरभंगा NH कॉरिडोर को मिली मंजूरी, मिथिलांचल और सीमांचल के बीच बनेगा नया हाईवे, इन जिलों को होगा फायदा

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विपुल विश्वास प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >