जिले के 19 केंद्रों पर 14 व 17 जून को होगी सिपाही भर्ती परीक्षा

डीएम ने अधिकारियों को दिये कई जरूरी निर्देश

परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन अलर्ट

अररिया. जिले में केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिये जिलाधिकारी विनोद दूहन व पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सभी केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया. बताया गया कि सिपाही के पद पर भर्ती के लिए 14 व 17 जून को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जायेगी. इसके लिए जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्रों बनाये गये हैं. परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक व दूसरी पाली अपराह्न 03 बजे से 05 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षार्थियों की रिपोर्टिंग पहली पाली के लिए सुबह 08 बजे व दूसरी पाली के लिये दोपहर 01 बजे निर्धारित है. जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को पूरी पारदर्शिता व शुचिता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि वैध प्रवेश पत्र व फोटो पहचान-पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. सभी अभ्यर्थियों की फिस्किंग व पहचान सत्यापन के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित किया जायेगा. परीक्षा केंद्र व परीक्षा कक्षों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. केंद्राधीक्षक व वीक्षक भी परीक्षा शुरू होने के एक घंटा पूर्व से परीक्षा समाप्ति तक मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे. पर्षद द्वारा उपलब्ध कराए गये पेन से ही अभ्यर्थी ओएमआर शीट भरेंगे. निजी पेन लाने की अनुमति नहीं होगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, पर्याप्त रोशनी, वीडियोग्राफी, जेनरेटर, लाउडस्पीकर व अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गयी है. जबकि परीक्षा संचालन का वरीय प्रभार अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा को सौंपा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >