27 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस का राष्ट्रीय आंदोलन, सीमांचल से जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता

कांग्रेस 27 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विशाल राष्ट्रीय आंदोलन का आयोजन कर रही है. यह आंदोलन सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए होगा. सीमांचल सहित बिहार के कई जिलों से हजारों कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे.

कांग्रेस के अनुसूचित जाति (SC) विभाग और अल्पसंख्यक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 27 जुलाई को दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर एक विशाल राष्ट्रीय आंदोलन का आयोजन किया जाएगा. इसकी आधिकारिक जानकारी कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अररिया जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी. इस आंदोलन को लेकर बिहार के सीमांचल क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

इमरान प्रतापगढ़ी और राजेंद्र पाल गौतम करेंगे आंदोलन का नेतृत्व

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने बताया कि इस देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है. दिल्ली में होने वाले इस विशाल प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम और अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी संयुक्त रूप से करेंगे. आंदोलन को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर से लेकर जिला स्तर तक की टीमें लगातार बैठकें कर रही हैं.

सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लामबंदी

सैफ अली खान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान शासनकाल में देश के भीतर दलितों, आदिवासियों और मुसलमानों के खिलाफ अत्याचार, हिंसा तथा भेदभाव की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं.

"देश में सामाजिक न्याय, आपसी सौहार्द, समानता और बाबा साहेब के संविधान की रक्षा के लिए एक मजबूत देशव्यापी जनमत तैयार करने के उद्देश्य से यह आंदोलन किया जा रहा है. यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि हक और इंसाफ की आवाज है." — सैफ अली खान, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग (अररिया)

सीमांचल के अररिया-पूर्णिया सहित कई जिलों से कूच करेंगे कार्यकर्ता

विज्ञप्ति में बताया गया कि इस राष्ट्रीय आंदोलन में बिहार, विशेषकर सीमांचल क्षेत्र की भागीदारी ऐतिहासिक होगी. अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज सहित आसपास के अन्य जिलों से भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, अल्पसंख्यक, दलित समाज के लोग और सामाजिक न्याय के समर्थक ट्रेन और अन्य माध्यमों से दिल्ली पहुंचेंगे. जिलाध्यक्ष ने सीमांचल के सभी न्यायप्रिय लोगों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 27 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर इस राष्ट्रीय आंदोलन को सफल और ऐतिहासिक बनाएं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >