जोगबनी. भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोगबनी बीसीपी गेट के पास से नेपाल ले जाए जा रहे भारी मात्रा में ब्रांडेड कॉस्मेटिक व स्किन केयर उत्पाद जब्त किए गए हैं. इस दौरान एक नेपाली महिला को भी गिरफ्तार किया गया. 56 वीं वाहिनी एसएसबी की आई समवाय जोगबनी की बीआइटी टीम ने बुधवार को बीसीपी गेट के समीप सीमा स्तंभ संख्या 180 से करीब 5 मीटर भारत की ओर जांच अभियान चलाया. इसी दौरान एक महिला को संदिग्ध अवस्था में रोका गया. तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न ब्रांडों के कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद हुए. एसएसबी के अनुसार जब्त सामान में डॉट एंड की सनस्क्रीन के 60 पीस, सेटाफिल मॉइस्चराइजिंग क्रीम के 15 पीस व मामाअर्थ राइस वॉटर ड्यूई एक्टिव सीरम के 32 पीस शामिल हैं. कुल 107 पीस कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद किए गए. वही गिरफ्तार महिला की पहचान 46 वर्षीय गीता मुखिया, पति गोपाल मल्लाह, निवासी विराटनगर वार्ड नंबर 11, जिला मोरंग, नेपाल के रूप में हुई है. प्रारंभिक पूछताछ में गीता ने बताया कि वह यह सामान भारत से नेपाल ले जा रही थी.
ब्रांडेड कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त, महिला गिरफ्तार
बीआइटी टीम ने बुधवार को बीसीपी गेट के समीप चलाया अभियान
