नरपतगंज (अररिया). भारत-नेपाल सीमा से सटे बसमतिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक घर से 17 लाख 95 हजार नेपाली रुपये बरामद किए हैं. इतनी बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा मिलने के बाद सीमा क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है. पुलिस ने मौके से घर के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की. बाद में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे छोड़ दिया गया. बरामद नेपाली मुद्रा के स्रोत और इसके संभावित उपयोग को लेकर पुलिस जांच कर रही है.
गुप्त सूचना पर शिवराम यादव के घर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ निवासी शिवराम यादव के घर में बड़ी मात्रा में नेपाली करेंसी रखी गई है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिवराम यादव के घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर से 17 लाख 95 हजार नेपाली रुपये बरामद किए गए. पुलिस ने पूरी राशि को जब्त कर लिया.
घर मालिक को हिरासत में लेकर की गई पूछताछ
पुलिस ने बेला निवासी शिवराम यादव को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस अब यह जानकारी जुटा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा घर तक कैसे पहुंची और इसका स्रोत क्या है.
पुलिस की ओर से मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है. पूछताछ और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद संबंधित व्यक्ति को छोड़ दिया गया है.
तस्करी और हवाला कनेक्शन सहित कई बिंदुओं पर जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में संबंधित व्यक्ति के तस्करी से जुड़े होने की सूचना मिलने की बात सामने आई है. हालांकि इस संबंध में जांच अभी जारी है.
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है. बरामद नेपाली करेंसी को लेकर कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद राशि हवाला कारोबार से जुड़ी है या किसी अन्य व्यक्ति की है. इसके अलावा मुद्रा के वास्तविक मालिकाना हक और इसके संभावित इस्तेमाल की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
नेपाली करेंसी कस्टम विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद 17 लाख 95 हजार नेपाली रुपये को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फारबिसगंज कस्टम विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कस्टम विभाग भी बरामद मुद्रा के स्रोत, स्वामित्व और अन्य कानूनी पहलुओं की जांच करेगा. पुलिस जांच रिपोर्ट और संबंधित विभाग की कार्रवाई के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
खुली सीमा के कारण बढ़ती है चुनौती
भारत-नेपाल सीमा खुली होने के कारण सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम पुलिस और अन्य एजेंसियों के लिए चुनौती बनी रहती है. पुलिस और कस्टम विभाग सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रहे हैं. फिलहाल बसमतिया थाना पुलिस बरामद नेपाली मुद्रा के मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.
