महिला थाना कर्मी से एटीएम ठगी मामले में बड़ी सफलता, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 8 एटीएम कार्ड बरामद

ATM Fraud Case Arrest: अररिया में खाकी को चुनौती देने वाले शातिर एटीएम फ्रॉड को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दबोच लिया है. महिला थाना की कर्मी से एटीएम कार्ड बदलकर हजारों रुपये उड़ाने वाले इस अंतरजिला गिरोह के सरगना के पास से पुलिस ने कई बैंकों के एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किए हैं.

ATM Fraud Case Arrest: अररिया से राहुल सिंह की रिपोर्ट: व्यवस्ततम एडीबी चौक स्थित एसबीआई (SBI) एटीएम में महिला थाना की एक कर्मी का एटीएम कार्ड बदलकर 26 हजार रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को अररिया पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार ठग के पास से अलग-अलग बैंकों के 08 एटीएम कार्ड, ठगी में इस्तेमाल मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया.

एडीबी चौक के एसबीआई एटीएम में हुई थी वारदात, एसपी ने गठित की थी टीम

एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गत 24 मई 2026 को मदनपुर कनेल गरमू निवासी बैजनाथ दास ने एडीबी चौक स्थित एसबीआई एटीएम में उनके साथ हुई ठगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़ित महिला थाना में कार्यरत कर्मी हैं, जिसके कारण पुलिस महकमे ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया.

आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान (सर्विलांस) और गुप्तचरों की मदद से जाल बिछाकर 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को दबोच लिया.

नरपतगंज का मिंटू कुमार सिंह चढ़ा पुलिस के हत्थे, पहले से दर्ज हैं केस

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिंटू कुमार सिंह (32 वर्ष), पिता- उपेंद्र सिंह, निवासी ग्राम पिठौरा, थाना नरपतगंज (अररिया) के रूप में हुई है. पुलिसिया पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि मिंटू एक बेहद शातिर और संगठित एटीएम ठग गिरोह का संचालन करता है. पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है; उस पर पहले से ही फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 486/24 दर्ज है. वहीं, इस ताजा मामले में अररिया नगर थाना में कांड संख्या 273/26 के तहत नई प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

सीमांचल के कई जिलों में फैला है जाल, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी

एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह गिरोह केवल अररिया तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जैसे पड़ोसी जिलों में भी एटीएम कार्ड बदलकर भोले-भले उपभोक्ताओं को चूना लगाने की कई वारदातों को अंजाम दिया है. पुलिस ने इस गिरोह के अन्य सभी सक्रिय सदस्यों की पहचान कर ली है. फरार चल रहे सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. इस सफल और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में नगर थानाध्यक्ष, पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) मनीष कुमार रजक, राजनारायण यादव और अमित कुमार यादव मुख्य रूप से शामिल थे. एसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे एटीएम से पैसे निकालते समय किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और अपना पिन गुप्त रखें.

इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान, गृह विभाग का आदेश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >