Araria News: अरारिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट. नरपतगंज हाई स्कूल परिसर में बन रहे डिग्री कॉलेज के पुस्तकालय भवन निर्माण को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गंभीर सवाल उठाये हैं. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है. परिषद ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
पुस्तकालय भवन निर्माण में गड़बड़ी का आरोप
अभाविप नगर मंत्री वैभव वर्मा की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल प्रखंड विकास पदाधिकारी अजित कुमार से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है. कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुस्तकालय भवन के पिलर निर्माण में निर्धारित मानक के अनुसार सरिया का उपयोग नहीं किया जा रहा है.
घटिया बालू और कम सरिया लगाने का आरोप
विद्यार्थी परिषद के नेताओं ने आरोप लगाया कि भवन निर्माण में मिट्टीयुक्त घटिया बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है. साथ ही पिलरों में मात्र दो सरिया लगाकर ढलाई की जा रही है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं. परिषद नेताओं का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की लापरवाही भविष्य में बड़े खतरे का कारण बन सकती है.
आंदोलन की चेतावनी
नगर मंत्री वैभव वर्मा ने कहा कि अगर जल्द निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गयी, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी. उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की.
तकनीकी जांच तक काम रोकने की मांग
मौके पर मौजूद परिषद कार्यकर्ताओं रौशन मालाकर, प्रिंस सिंह, जीवनदीप सिंह, मयंक भगत और अंशु रावत ने मांग की कि तकनीकी जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगायी जाए.
बीडीओ ने दिया जांच का आश्वासन
प्रखंड विकास पदाधिकारी अजित कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित जांच कराने का आश्वासन दिया है. प्रशासन की ओर से कहा गया है कि शिकायत की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: आज पूरे बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी, जानिए कब तक मॉनसून की होगी एंट्री
