अररिया से पंकज कुमार की रिपोर्ट:
Araria Fire Safety Audit: जिले में अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, अस्पताल, निजी नर्सिंग होम और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है.
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन अस्पतालों, होटलों और अन्य संस्थानों का अब तक अग्नि सुरक्षा ऑडिट नहीं हुआ है, उनका ऑडिट हर हाल में 48 घंटे के भीतर कराया जाए. इसके लिए संबंधित संस्थानों के संचालकों को ऑडिट टीम के साथ पूर्ण सहयोग करने का निर्देश दिया गया है.
सात दिनों में दूर करनी होंगी कमियां
विभागीय निर्देश के अनुसार जिन संस्थानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट पहले ही हो चुका है, उन्हें सात दिनों के भीतर चिन्हित कमियों को दूर करना होगा. निर्धारित अवधि में आवश्यक सुधार नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सीलिंग और अन्य वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
प्रशासन ने ऐसे संस्थानों को, जिनका अब तक ऑडिट नहीं हुआ है, ऑडिट कराने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है. इसके बाद भी मानकों का पालन नहीं करने पर 15 दिनों का अंतिम अवसर दिया जाएगा. इसके बावजूद अनुपालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित संस्थानों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा.
अस्पतालों में किया गया निरीक्षण
अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच को लेकर जिला अग्निशमन पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार प्रसाद ने फारबिसगंज स्थित सिटी हेल्थ हॉस्पिटल और जोगबनी के भारत सिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया. इस दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
डॉ. प्रसाद ने बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त प्रतिवेदनों की नियमित समीक्षा की जाएगी और नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
12 अग्निशमन वाहन और 70 कर्मी तैनात
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन मानव जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है. वर्तमान में जिले में 12 अग्निशमन वाहन सक्रिय रूप से उपलब्ध हैं. वहीं अग्निशमन पदाधिकारियों और अग्निकर्मियों सहित कुल 70 कर्मी आपदा एवं अग्निकांड जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैनात हैं.
ALSO READ: नरपतगंज में जर्जर बिजली तार बदलने की मांग, विधायक ने ऊर्जा मंत्री को सौंपा आवेदन
