भरगामा. थाना क्षेत्र के जयनगर वार्ड तीन में विवादित भूमि पर फसल काटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घायल युवक हितेश यादव के बड़े भाई भवेश कुमार यादव ने थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में बताया गया कि उनके परिवार का जयनगर मौरकाही वार्ड दो निवासी पिंकी देवी, अनीता देवी व उनके पति पप्पू यादव से काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है. विवादित जमीन पर अनुमंडल न्यायालय में धारा-126 के तहत मामला लंबित है. इसके बावजूद विपक्षी पक्ष जबरन फसल नष्ट करने पहुंचे. जब परिवार की बुजुर्ग महिला सुलेखा देवी ने फसल नष्ट करने का विरोध किया तो विपक्षी पक्ष ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे. इसी बीच हितेश यादव खेत से लौट रहे थे. जैसे ही वे विपक्षी पक्ष के घर के सामने पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. जिससे वह घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल हितेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए अररिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया. थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
