मद्य निषेध को ले जागरूकता बैठक
अररिया : मद्य निषेध लागू होने के बाद मंगलवार को शहर के जयप्रकाश नगर में जागरूकता बैठक की गयी. बैठक में लगभग 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया. इसमें सर्वाधिक महिलाएं महादलित समुदाय की शामिल थीं. जानकारी देते हुए उत्पाद निरीक्षक रंजीत कुमार ने बताया कि आइसीडीएस की कर्मियों, नगर थाना के एसआइ संजय राम सहित उत्पाद विभाग के लोगों ने शराब पीने से होने वाले नुकसान के साथ अवैध तौर पर शराब बनाने व पीने-पिलाने की व्यवस्था करने वालों पर होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी.
महिलाओं ने मद्य निषेध लागू होने के बाद समाज-घर-परिवार में आयी शांति का खुल कर इजहार किया. महिलाओं ने यकीन दिलाते हुए कहा कि जयप्रकाश नगर में अगर कोई शराब बनायेगा, बेचेगा या फिर शराब पी कर आयेगा तो इसकी सूचना उन तक देंगे. सरकार के फैसले को महिलाओं ने जम कर तारीफ किया. केंद्र संख्या 315 में आयोजित बैठक में एलएस सतीरानी मिश्रा, प्रो बासुकी नाथ झा, सेविका रीतू कुमारी, सहायिका संजू कुमारी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे.
