अररिया : सदर अस्पताल में रविवार को इलाज के लिये दाखिल कराये गये नेपाली युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय चिकित्सकों द्वारा हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था. घायल युवक के साथ उनके किसी परिजन के साथ नहीं होने के कारण इलाज के लिए बाहर नहीं ले जाया जा सका था.
घायल युवक की पहचान बालेश्वर काठमांडू निवासी बहादुर राय के पुत्र अर्जुन के रूप में की गयी है. बेहतर इलाज नहीं मिल पाने के कारण युवक सदर अस्पताल में ही अपने जिंदगी और मौत से जूझ रहा था. प्रभात खबर द्वारा इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किये जाने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता हाजी लड्डन इलाज के लिए आगे आये.
सामाजिक कार्यकर्ता की सक्रियता के बाद डीएस डॉ जय नारायण प्रसाद ने युवक के इलाज का जिम्मा अपने हाथों ले लिया. डीएस ने बताया की घायल युवक का सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. अब उसे होश आ गया है. युवक के साथ किसी परिजन के नहीं होने के कारण उनकी देख रेख सदर अस्पताल प्रबंधन अपने स्तर से कर रहा है.
