बीते वर्ष मानव दिवस सृजन में अररिया प्रखंड की उपलब्धि बेहतर
अररिया : मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन के मामले में बीते वर्ष प्रखंड की उपलब्धि बेहतर रही है. रोजगार सृजन को लेकर अपनी इसी उपलब्धि को बरकरार रखने के लिये प्रखंड मनरेगा कार्यालय ने चालू वित्तीय वर्ष के दौरान प्रति माह तीन हजार मनरेगा मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने की योजना तैयार की है. मालूम हो कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान प्रखंड को 9 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य जिला से प्राप्त हुआ है. ऐसे में प्रखंड मनरेगा प्रशासन नयी कार्य योजना तैयार कर इसे अमलीजामा पहनाने के प्रयास में सिरे से जुटा है.
नयी कार्ययोजना पर हो रहा काम : चालू वित्तीय वर्ष में ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस सृजन को लेकर प्रखंड मनरेगा प्रशासन गंभीर है. मनरेगा पीओ देवेश कुमार ने बताया कि रोजगार सृजन व इस मामले में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिये नये कार्य योजना तैयार की गयी है. इसके अलावा पंचायत में वार्ड वार बैठकें आयोजित कर स्थानीय लोगों के सहयोग से वार्ड विकास की योजना से संबंधित प्रस्ताव लिये जा रहे हैं. जल्द ही इन प्रस्तावों को वार्षिक कार्य योजना में शामिल कर योजना के क्रियान्वयन को गति दी जायेगी.
